लंबे समय से भीषण गर्मी और उमस झेल रहे उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के लोगों के लिए राहत की खबर है. दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अब इन दोनों राज्यों में जल्दी दी दस्तक देने वाला है. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में यूपी और उत्तराखंड में अच्छी बारिश शुरू होने वाली है, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी.
मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट वेदर के मुताबिक, अब मौसम की परिस्थितियां मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल हैं. पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) बना हुआ है. इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी से भरपूर पूर्वी हवाएं उत्तर प्रदेश के पूर्वोत्तर हिस्सों तक पहुंचने लगी हैं. इन दोनों मौसम प्रणालियों के असर से मॉनसून को उत्तर दिशा में तेजी से आगे बढ़ने में मदद मिलेगी और बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी.
यूपी और उत्तराखंड में कब से होगी बारिश?
पूर्वी उत्तर प्रदेश में 30 जून से ही हल्की से मध्यम बारिश शुरू हो सकती है. गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. वहीं, 1 जुलाई को मौसम प्रणाली मजबूत हो जाएगी और बारिश का दायरा बढ़ेगा. मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, 2 जुलाई तक उत्तर प्रदेश के ज्यादातर इलाकों और पूरे उत्तराखंड में मॉनसूनी बारिश होने की उम्मीद है. कुछ जगहों पर मध्यम से भारी बारिश भी हो सकती है.
मॉनसून एक्टिव... मुंबई में आज भी भारी बारिश, 6 जुलाई तक मौसम विभाग का अलर्ट
बता दें कि सामान्य तौर पर मॉनसून पूर्वी यूपी और उत्तराखंड में 20 जून के आसपास पहुंच जाता है, लेकिन इस बार अल नीनो के असर से मॉनसून कमजोर है. जिसकी वजह से गर्मी और उमस भरा मौसम बना हुआ है. साथ ही मॉनसून में भी देरी हुई है, लेकिन अब परिस्थितियां अनुकूल हो रही हैं.
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया कि मॉनसून अगले दो दिनों में उत्तराखंड पहुंच सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, मॉनसून की उत्तरी सीमा अभी सूरत (गुजरात), इंदौर, मंडला (मध्य प्रदेश), डाल्टनगंज (झारखंड) और मोतिहारी (बिहार) से होकर गुजर रही है. अब हालात उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में मॉनसून आगे बढ़ने के लिए अनुकूल हो रहे हैं.
कमजोर मॉनसून ने बढ़ाई किसानों की टेंशन, खरीफ फसलों की बुवाई में 23 फीसदी गिरावट
उत्तराखंड के तीन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने मंगलवार को पूरे राज्य में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान लगाया है. येलो अलर्ट जारी करते हुए उत्तराखंड के तीन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. इन जिलों में पौड़ी, पिथौरागढ़ और बागेश्वर शामिल हैं.
राज्य के सभी पहाड़ी जिलों में गरज, बिजली चमकने, तेज बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है. कुछ जगहों पर तेज हवाओं के साथ भारी बारिश भी हो सकती है. खासकर हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जिलों में गरज, बिजली और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है.मौसम विभाग ने कहा कि अगले तीन-चार दिनों में पूरे उत्तराखंड में अधिकतम तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है.
मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक, 2 जुलाई तक उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों और पूरे उत्तराखंड में अच्छी मॉनसूनी बारिश होने की उम्मीद है. इस दौरान कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश भी हो सकती है, जिससे इन क्षेत्रों में मॉनसून का प्रभावी आगमन माना जाएगा.