केरल में कांग्रेस नेतृत्व वाली नई यूडीएफ सरकार का शपथ ग्रहण समारोह शुरू हो गया है, जहां कांग्रेस नेता वीडी सतीशन मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की उनके साथ पूरी 20 सदस्यीय कैबिनेट भी एक साथ शपथ ग्रहण करेगी. ये केरल में लगभग छह दशक बाद ऐसा मौका होगा, जब मुख्यमंत्री पूरे मंत्रिमंडल के साथ एक साथ शपथ लेंगे.
बताया जा रहा है कि केरल में नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस शासित तीनों राज्यों के मुख्यमंत्री भाग ले रहे हैं.
यहां देखें लाइव अपडेट्स...
-मुख्यमंत्री पद की शपथ ले रहे हैं वीडी सतीशन
-पिनारयी विजयन और राजीव चंद्रशेखर मंच पर पहुंचे
केरल में नई सरकार के भव्य शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के प्रदेश सचिव बिनॉय विश्वम शामिल हैं. विपक्ष के नेता चुने गए पूर्व मुख्यमंत्री पिनारयी विजयन भी मंच पर पहुंच चुके हैं.
- मुख्यमंत्री पद की शपथग्रहण करने के लिए वीडी सतीशन और मंत्री पद की शपथ लेने के लिए वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला मंच पर पहुंच गए हैं, जहां उनका जोरदार स्वागत किया
-UDF की महत्वपूर्ण साझेदार इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के नेता सैयद सादिकली शिहाब थंगल शपथग्रहण समारोह में पहुंच गए हैं. उनके साथ मंत्री पद की शपथ ग्रहण करने वाले पांच विधायक पी.के. कुन्हालीकुट्टी, एन. शमसुद्दीन, के.एम. शाजी, पी.के. बशीर और वी.ई. अब्दुल गफूर भी मौजूद है.
- कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार वीडी सतीशान के नेतृत्व वाली केरल की नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए अपने आवास से रवाना हुए.
- आईयूएमएल विधायक वी.ई. अब्दुल गफूर आज वी.डी. सतीशान के नेतृत्व वाली कैबिनेट में केरल के मंत्री के रूप में शपथ लेंगे. उन्होंने कहा, 'मुझे यह पद पाकर बहुत गर्व हो रहा है... मैं पहली बार विधानसभा के लिए निर्वाचित हुआ हूं... जो भी पोर्टफोलियो दिया जाएगा, हम उसे पूरी प्रतिबद्धता के साथ निभाएंगे... हम सभी मिलकर अपने साझा लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए काम करेंगे...'
- कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला आज वी.डी. सतीशान के नेतृत्व वाली कैबिनेट में केरल के मंत्री के रूप में शपथ लेंगे. उन्होंने कहा, 'आज केरल की जनता के लिए शुभ दिन है, क्योंकि 10 सालों के बाद यूडीएफ सत्ता में आ रहा है... केरल की जनता को सुशासन देना हमारा परम कर्तव्य है. नई सरकार आज शपथ ग्रहण करने जा रही है... मैं गृह मंत्रालय का कार्यभार संभालूंगा... गृह मंत्री का कर्तव्य राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखना है. हम केरल राज्य में बेहतर प्रशासन और बेहतर कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने का प्रयास करेंगे... हमारे नेता राहुल गांधी ने पांच वादे किए हैं. हम उन पांचों वादों को पूरा करेंगे...'
- वीडी सतीशन सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने से पहले कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, 'वीडी सतीशन आज अन्य मंत्रिमंडल मंत्रियों के साथ शपथ ले रहे हैं... ये एक अभूतपूर्व जीत है, हम खुश हैं क्योंकि हमें इतना बड़ा जनादेश मिला है...'
ये विधायक लेंगे मंत्री पद की शपथ
सतीशन के साथ शपथ लेने वाले 20 सदस्यीय मंत्रिमंडल में वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमेश चेन्निथला, के मुरलीधरन और केपीसीसी प्रमुख सनी जोसेफ के साथ-साथ मॉन्स जोसेफ, शिबू बेबी जॉन, अनूप जैकब, सीपी जॉन, एपी अनिल कुमार, टी सिद्दीकी, पीसी विष्णुनाथ, रोजी एम जॉन, बिंदू कृष्णा, एम लिजू, केए तुलसी और ओजे जनीश भी मंत्री पद की शपथ ग्रहण करेंगे.
यूडीएफ के सबसे महत्वपूर्ण सहयोगी दल इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) को इस सरकार में भारी तवज्जो दी गई है. आईयूएमएल को नए मंत्रिमंडल में पांच मंत्री पद मिले हैं. लीग की तरफ से पीके कुन्हालीकुट्टी, पीके बशीर, एन शम्सुद्दीन, केएम शाजी और वीई अब्दुल गफूर मंत्री के रूप में शपथ लेंगे.
विधानसभा अध्यक्ष होंगे राधाकृष्णन
सतीशन ने रविवार को ये भी घोषणा की कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता थिरुवनचूर राधाकृष्णन विधानसभा अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभालेंगे, जबकि शनिमोल उस्मान उपाध्यक्ष होंगे. विधायक अपू जॉन जोसेफ को सरकार का मुख्य सचेतक नियुक्त किया गया है.
राज्यपाल से मुलाकात के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए सतीशन ने कहा कि लगभग छह दशकों के बाद संपूर्ण मंत्रिमंडल मुख्यमंत्री के साथ शपथ लेगा.
कैबिनेट के गठन में सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन को मुख्य आधार बनाया गया है. वीडी सतीशन ने स्वीकार किया कि कांग्रेस के 63 विधायकों में कई योग्य और वरिष्ठ नेता शामिल हैं, जिन्हें मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिल पाई है. उन्होंने इसके लिए दुख व्यक्त करते हुए कहा कि कुछ वास्तविकताओं और मानदंडों के कारण सभी योग्य चेहरों को शामिल करना संभव नहीं था. हालांकि, इस 20 सदस्यीय टीम में अनुसूचित जाति (SC) के दो सदस्यों को शामिल किया गया है और महिलाओं को भी उचित प्रतिनिधित्व दिया गया है.
शपथ ग्रहण से पहले मंत्री बनने जा रहे कई विधायकों ने जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का भरोसा जताया है. कांग्रेस विधायक रोजी एम जॉन ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केरल की जनता ने उन्हें बहुत बड़ा जनादेश दिया है, इसलिए वह अपनी हर चुनावी घोषणा को पूरा करने का प्रयास करेंगे. वरिष्ठ नेता के मुरलीधरन ने स्पष्ट किया कि सोमवार से राज्य में एक नई शुरुआत होने जा रही है. नई सरकार अपनी पांच प्रमुख गारंटियों को चरणबद्ध तरीके से लागू करेगी, जिसमें महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा की सुविधा सबसे पहले शुरू की जाएगी.
UDF की शानदार जीत
आपको बता दें कि हाल ही में संपन्न हुए केरल विधानसभा चुनाव में यूडीएफ ने ऐतिहासिक और एकतरफा जीत दर्ज की है. राज्य की कुल 140 सदस्यीय विधानसभा में यूडीएफ गठबंधन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 102 सीटों पर कब्जा जमाया है. इसमें मुख्य पार्टी कांग्रेस 63 सीटों के साथ सबसे बड़े दल के रूप में उभरी है, जबकि सहयोगी दल आईयूएमएल ने 22 सीटों पर जीत दर्ज की है. दूसरी तरफ, सत्तारूढ़ वामपंथी गठबंधन (LDF) महज 35 सीटों पर सिमट गया है. इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने भी तीन सीटों पर जीत हासिल की है.