scorecardresearch
 

'हिरासत में हूं, लेकिन आंदोलन जारी है', डिटेन हुईं AISA अध्यक्ष नेहा बोरा

दिल्ली में CJP के प्रदर्शन से पहले AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा को हिरासत में लिया गया. उन्होंने कहा, 'मैं हिरासत में हूं, लेकिन आंदोलन जारी है.' नेहा बोरा ने लोगों से सफदरजंग फ्लाईओवर और श्री अरबिंदो मार्ग पहुंचकर प्रदर्शन जारी रखने की अपील की.

Advertisement
X
दिल्ली में प्रदर्शन करने जा रही नेहा बोरा को हिरासत में लिया गया.
दिल्ली में प्रदर्शन करने जा रही नेहा बोरा को हिरासत में लिया गया.

दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले पुलिस ने AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा को हिरासत में ले लिया है. वहीं, CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को भी पुलिस अलग-अलग जगहों पर ले गई है. प्रदर्शन से पहले दिल्ली में सुरक्षा बढ़ा दी गई है.

हिरासत में लिए जाने के बाद नेहा बोरा ने कहा, 'मैं हिरासत में हूं, लेकिन आंदोलन जारी है.' उन्होंने लोगों से सफदरजंग फ्लाईओवर पहुंचने की अपील की. नेहा बोरा ने कहा कि अगर किसी को रोका जाता है, तो वह वहीं बैठ जाए और डटे रहें.

उन्होंने श्री अरबिंदो मार्ग और सफदरजंग के पास हिरासत में लिए गए लोगों का जिक्र करते हुए कहा कि वहां एक बस में कई साथी हिरासत में हैं और बस के पास हजारों प्रदर्शनकारी जुटे हैं. उन्होंने लोगों से उसी जगह पहुंचकर प्रदर्शन शुरू करने की अपील की, जहां से उन्हें हिरासत में लिया गया था.

2000 लोगों को हिरासत में लिया गया


दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के बीच शनिवार सुबह से करीब 2,000 लोगों को एहतियात के तौर पर हिरासत में लिया गया है. इसी बीच आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल को दिल्ली के लोदी एस्टेट के बाहर से हिरासत में लिए जाने की बात सामने आई है.

Advertisement

वहीं, पूर्व सांसद साकेत गोखले ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस के पांच अन्य नेताओं को दिल्ली में उनके आवास के बाहर से हिरासत में लिया गया है. गोखले ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि दिल्ली पुलिस और CRPF ने ममता बनर्जी और पांच अन्य लोगों को एक कैदी वाहन में बैठाया और उन्हें किसी अज्ञात स्थान पर ले जाया जा रहा है.

साकेत गोखले ने इस कार्रवाई को भारत में लोकतंत्र की मौत बताया. यह मामला मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ CJP के प्रदर्शन के बीच सामने आया है. ममता बनर्जी ने पहले इस प्रदर्शन में शामिल होने के संकेत दिए थे.

संबित पात्रा ने प्रदर्शन पर साधा निशाना

बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने दिल्ली में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन पर कहा कि यह भारत की असली तस्वीर नहीं दिखाता. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारी राजधानी को बंधक बनाने और हिंसा भड़काने की कोशिश कर रहे थे. बीजेपी सांसद ने कहा, 'अराजकतावादी आज नाकाम हो गए.' उन्होंने आरोप लगाया कि उकसावे और सड़क पर झड़पों के जरिए माहौल खराब करने की कोशिश की गई.

संबित पात्रा ने कहा कि अराजक तत्वों का फ्लॉप शो पूरी तरह से फेल हो गया है. उन्होंने इसे 'भीड़तंत्र' पर 'लोकतंत्र' की जीत बताया. उन्होंने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर भी निशाना साधा. पात्रा ने दावा किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित गड़बड़ियों को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ लड़ाई का नेतृत्व करने का श्रेय लेने के लिए दोनों पार्टियों के बीच खींचतान चल रही है. उन्होंने इसे अराजक तत्वों के बीच की अराजकता बताया.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement