scorecardresearch
 

दिल्ली में BJP पदाधिकारियों की पहली बैठक शुरू, नितिन नवीन की नई टीम से लेकर 'मोदी@25' के रोडमैप पर मंथन

दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में नवगठित राष्ट्रीय टीम की पहली बैठक शुरू हो गई. सुबह 10 बजे से शुरू हुए इस सत्र में नई टीम का औपचारिक परिचय कराया जा रहा है. इसके बाद 'मोदी @25' कार्यक्रम और शाम को अमित शाह के संबोधन के साथ चुनावी रणनीति तय होगी.

Advertisement
X
नितिन नवीन के नेतृत्व में परिचय बैठक शुरू. (PTI Photo/Karma Bhutia)(PTI08_12_2026_000126A)
नितिन नवीन के नेतृत्व में परिचय बैठक शुरू. (PTI Photo/Karma Bhutia)(PTI08_12_2026_000126A)

भारतीय जनता पार्टी मुख्यालय नई दिल्ली में शनिवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में राष्ट्रीय पदाधिकारियों और प्रदेश अध्यक्षों के साथ होने वाली तीन अहम बैठकों में से पहली बैठक शुरू हो गई है. इस बैठक में 17 अगस्त को घोषित नई टीम के पदाधिकारियों का औपचारिक परिचय कराया जा रहा है. ये बैठक दोपहर 12 बजे तक चलेगी.

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इन अहम बैठकों में पार्टी अध्यक्ष नई टीम के ऐलान के बाद होने वाली इन बैठकों में नई टीम के पदाधिकारियों के परिचय से लेकर 'Modi@25' कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा करेंगे, जबकि शाम की बैठक में पार्टी के आगामी कार्यक्रमों, संगठन की रणनीति और चुनावी तैयारियों पर मंथन होगा.

पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन के पद संभालने के करीब छह महीने बाद घोषित नई राष्ट्रीय टीम की ये पहली औपचारिक बैठक है.

इनमें राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, राम माधव, सतीश पूनिया, विप्लव देव, स्मृति ईरानी, वसुंधरा राजे सिंधिया, के सुरेंद्रन, तारिक मंसूर और बैजयंत जय पांडा शामिल हैं.

मोदी@25 पर होगा फोकस

सूत्रों का कहना है कि दूसरे सत्र में होने वाली बैठक का पूरा फोकस 'Modi@25' कार्यक्रम पर रहेगा. पीएम नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में संवैधानिक पद पर बने रहने के 25 साल पूरे होने जा रहे हैं. पार्टी इस मौके को बड़े स्तर पर मनाने की तैयारी में है. बैठक में देश भर में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा, जनता तक पहुंच बनाने के तरीके और कैंपेन की टाइमलाइन तय की जाएगी.

Advertisement
 

वहीं, तीसरी बैठक शाम 6 बजे होगी, जिसमें नितिन नवीन के साथ राष्ट्रीय पदाधिकारी और सभी प्रदेश अध्यक्ष शामिल होंगे. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी बैठक को संबोधित कर सकते हैं. इस बैठक में पार्टी के आगामी कार्यक्रमों, संगठनात्मक रणनीति और चुनावी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा होने की उम्मीद है.

पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम में अनुभवी और युवा चेहरों का संतुलन साधा गया है. बीएल संतोष राष्ट्रीय संगठन महामंत्री के पद पर बने हुए हैं, जो पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के बीच मुख्य कड़ी हैं. पूर्व सांसद स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है. उनके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लव देव, सुनील बंसल, विनोद तावड़े, गजेंद्र पटेल, सतीश पूनिया, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया को महामंत्री नियुक्त किया गया है.

पार्टी द्वारा नियुक्त में 13 उपाध्यक्षों में 6 महिलाओं को जगह दी गई है. जिनमें वसुंधरा राजे, तीरथ सिंह रावत, राम माधव, बैजयंत जय पांडा, डी पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोषी, भारती प्रवीण पवार, मनप्रीत सिंह बादल, लाल सिंह आर्य, प्रो. एम नागराजा, प्रो. तारिक मंसूर और मधुछंदा कर शामिल हैं. साथ ही पीयूष गोयल को फिर से राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement