पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में जांच तेज हो गई है. इस मामले में बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने बिहार के बक्सर जिले में बड़ी छापेमारी की. इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक कुख्यात अपराधी को हिरासत में लिया.
बंगाल एसटीएफ की टीम ने बक्सर के पांडेयपट्टी इलाके में दबिश दी. पुलिस का मुख्य निशाना कुख्यात अपराधी विशाल श्रीवास्तव था. STF ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से घेराबंदी की और विशाल को उसके ठिकाने से पकड़ लिया.
गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम विशाल श्रीवास्तव को लेकर तुरंत कोलकाता के लिए रवाना हो गई. उसका आपराधिक इतिहास काफी लंबा है. वो इलाके का एक नामी अपराधी माना जाता है. पश्चिम बंगाल एसटीएफ ने विशाल श्रीवास्तव से पूछताछ की. पूछताछ के बाद एसटीएफ ने उसे छोड़ दिया.
विशाल श्रीवास्तव के खिलाफ हत्या और लूट के मामले दर्ज
विशाल लंबे समय से पुलिस की रडार पर था और कई वारदातों में उसकी तलाश की जा रही थी. पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, विशाल श्रीवास्तव के खिलाफ हत्या और लूट जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं. उस पर 'आर्म्स एक्ट' के तहत भी दर्जनों मुकदमे चल रहे हैं.
कब हुई थी चंद्रनाथ रथ की हत्या?
बता दें कि 6 मई 2026 की रात चंद्रनाथ रथ पर मोटरसाइकिल पर सवार अज्ञात हमलावरों ने घात लगाकर हमला कर दिया था. हमलावरों ने उन पर करीब से ताबड़तोड़ गोलियां चला दी थीं. बताया जाता है कि उन्हें कई गोलियां लगीं, जिससे वो मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े. इसके बाद उन्हें तुरंत पास ले अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था.
इस गोलीबारी में चंद्रनाथ का ड्राइवर भी गंभीर रूप से घायल हो गया था. अब पुलिस इस मामले में जांच कर रही है और असल दोषियों की तलाश कर रही है.