बिहार के बांकीपुर और मध्य प्रदेश के दतिया उपचुनाव में बीजेपी को लगे झटके के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. बांकीपुर में जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर ने बीजेपी के लंबे समय से चले आ रहे गढ़ में सेंध लगाई, जबकि दतिया में भी कांग्रेस ने बीजेपी को मात दी. नतीजों के बाद विपक्ष ने इसे बीजेपी के खिलाफ जनता के बदलते मूड का संकेत बताया, वहीं बीजेपी ने इसे महज उपचुनाव का नतीजा बताते हुए ज्यादा उत्साहित नहीं होने की नसीहत दी.
दिल्ली में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने उपचुनाव के नतीजों पर कहा, "साफ दिख रहा है कि लोग भाजपा से थक चुके हैं, ऊब चुके हैं, समझ रहे हैं कि क्या हो रहा है और क्या नहीं हो रहा है. ये शुरुआत है."
यह भी पढ़ें: 'वो होते तो नतीजा कुछ और होता', बांकीपुर की हार पर अनंत सिंह को याद आए नीतीश कुमार
सपा सांसद डिंपल यादव ने भी उपचुनाव के नतीजों को अच्छा बताया. उन्होंने कहा, "बहुत ही अच्छे नतीजे हैं. ये उपचुनाव था और उत्तर प्रदेश के आम चुनाव होंगे. उसमें अलग परिस्थितियां हो सकती हैं. ऐसा हो सकता है कि इससे भी अच्छी परिस्थितियां हों. पार्टी के तौर पर हम पूरी तैयारी कर रहे हैं." बांकीपुर के नतीजे पर उन्होंने कहा कि यह दर्शाता है कि लोगों में कितना आक्रोश है और लोग सरकार से पस्त हैं.
गिरिराज सिंह बोले- नतीजे से ज्यादा खुश न हों
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बीजेपी की हार स्वीकार करते हुए विपक्ष को ज्यादा उत्साहित नहीं होने की सलाह दी. उन्होंने कहा, "हम परिणाम को स्वीकार करते हैं लेकिन इससे किसी को बहुत खुश होने की जरूरत नहीं है." उन्होंने 2009 के उपचुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि एनडीए ने नीतीश कुमार के नेतृत्व में 17 सीटों पर उपचुनाव लड़ा था और 12 सीटें हार गई थी, लेकिन 2010 में बिहार में 89 फीसदी स्ट्राइक रेट से जीत हासिल की थी. उन्होंने कहा कि इसलिए लोग इन नतीजों से बहुत खुश न हों.
उपेंद्र कुशवाहा बोले- परिणाम थोड़ा अचंभित करने वाला
राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने बांकीपुर के नतीजे को थोड़ा अचंभित करने वाला बताया. उन्होंने कहा, "हार-जीत लोकतंत्र में बड़ी चीज नहीं है. कभी हार, कभी जीत होती है. वहां की जनता का जो निर्णय हुआ, वो हमारे सिर आंखों पर है." उन्होंने कहा कि अब समीक्षा करने की जरूरत है कि ऐसी स्थिति क्यों बनी.
यह भी पढ़ें: 'राम मंदिर में लूट और छात्रों पर लाठीचार्ज से जनता नाखुश', बांकीपुर में हारी बीजेपी तो संजय राउत ने कसा तंज
अनंत सिंह बोले- जनता में नीतीश कुमार को हटाने को लेकर गुस्सा
जेडीयू विधायक अनंत कुमार सिंह ने कहा कि चुनाव में कोई नेता न जीतता है, न हारता है, बल्कि जनता जिसे जिताती है वही जीतता है. नीतीश कुमार की गैरमौजूदगी को लेकर उन्होंने कहा कि जनता के बीच चर्चा है कि लोगों ने नीतीश कुमार को वोट दिया, लेकिन बीच में उन्हें हटा दिया गया.
अनंत सिंह ने कहा, "इस बात में दम नहीं है. वो अपनी योजना से हटे हैं, मगर जनता के बीच चर्चा है कि उन्हें हटा दिया गया. अभी जहां भी चुनाव होगा, वहां यही हाल होगा." उन्होंने कहा कि जनता में इस बात को लेकर गुस्सा है कि लोगों ने मुख्यमंत्री के नाम पर वोट दिया और बाद में बदलाव कर दिया गया.