नीट पेपर लीक और दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों की पिटाई के मामले पर मनसे प्रमुख राज ठाकरे और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है. दोनों नेताओं ने कहा कि छात्रों पर जो दबाव डाला जा रहा है और उन्हें जिस तरह पीटा जा रहा है, उसका असर पूरे देश में दिख रहा है.
राज ठाकरे ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि अब मामला उनसे आगे बढ़कर प्रधानमंत्री और गृह मंत्रालय तक पहुंच चुका है. वहीं उद्धव ठाकरे ने दिल्ली में छात्रों से मुलाकात का अनुभव साझा करते हुए बताया कि किस तरह छात्राओं के कपड़े फाड़े गए और उन्हें कीलों वाली लाठियों से पीटा गया.
दोनों नेताओं ने ऐलान किया है कि 26 तारीख, रविवार को मुंबई में शिवाजी पार्क से सिद्धिविनायक मंदिर तक एक बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया जाएगा.
राज ठाकरे ने कहा कि जब भारतीय जनता पार्टी विपक्ष में थी, तब उसने भी कई मंत्रियों के इस्तीफे मांगे थे. उन्होंने याद दिलाया कि रजा अकादमी के खिलाफ मोर्चे के दौरान मुंबई पुलिस कमिश्नर अरूप पटनायक का इस्तीफा हुआ था, और 26/11 हमले के बाद एक बयान की वजह से गृह मंत्री आर.आर. पाटिल को पद छोड़ना पड़ा था.
उन्होंने कहा कि पद की जिम्मेदारी लेने वाले को असफलता की जिम्मेदारी भी लेनी चाहिए. राज ठाकरे ने बताया कि नीट का पेपर तीसरी बार लीक हुआ है और शुरुआत से ही उन्होंने इस परीक्षा प्रणाली का विरोध किया था.
यह भी पढ़ें: 16 मेट्रो स्टेशन बंद होने से वकीलों की परेशानी सुप्रीम कोर्ट पहुंची, CJI बोले- जरूरत पड़ी तो करेंगे हस्तक्षेप
उन्होंने प्रधानमंत्री के ट्वीट को बेअसर बताते हुए कहा कि अगर छात्रों को बुलाकर उनकी बात सुनी जाती तो मामला इतना नहीं बढ़ता. उन्होंने किसान आंदोलन, मणिपुर और आदिवासी आंदोलन का जिक्र करते हुए सरकार पर अहंकार का आरोप लगाया.
उद्धव ठाकरे का कहना है कि CJI धृतराष्ट्र की तरह काम कर रहे हैं. सुप्रीम कोर्ट के पास कुत्तों-कबूतरों के लिए वक्त है, छात्रों के लिए नहीं. देश के युवाओं के लिए कोर्ट के पास समय नहीं है.
उद्धव ठाकरे ने बताया कि दिल्ली में उनकी मुलाकात एक ऐसे व्यक्ति से हुई जो नोटबंदी के बाद बर्बाद हुए अपने कारोबार का गुस्सा जताने आया था. उन्होंने कहा कि यह आंदोलन अब सिर्फ नीट तक सीमित नहीं, बल्कि वर्षों के जमा गुस्से का नतीजा है.
उन्होंने अदालत द्वारा मामले की तुरंत सुनवाई से इनकार करने पर भी सवाल उठाए. उद्धव ने आरोप लगाया कि सिविल ड्रेस में बिना पहचान वाले लोग छात्रों पर लाठीचार्ज कर रहे हैं. उन्होंने सभी से शांति बनाए रखने की अपील की और कहा कि 26 तारीख का मोर्चा जनता की ताकत दिखाएगा.