scorecardresearch
 

बेकाबू इलेक्ट्रिक कार का कहर, कई लोगों को रौंदा, सड़क पर बिछीं लाशें, ड्राइवर फरार

नवी मुंबई के तलोजा फेज-1 और सेक्टर 10 इलाके में तेज रफ्तार इलेक्ट्रिक कार ने कई लोगों और वाहनों को टक्कर मार दी. हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए. चालक कार छोड़कर मौके से फरार हो गया. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है.

Advertisement
X
भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत. (Photo: ITG)
भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत. (Photo: ITG)

नवी मुंबई के तलोजा इलाके में सोमवार को एक भीषण हिट एंड रन का मामला सामने आया. तलोजा सेक्टर 10 और फेज-1 इलाके में तेज रफ्तार एक इलेक्ट्रिक कार ने सड़क पर कहर बरपा दिया. बताया जा रहा है कि कार चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद कार ने सड़क पर मौजूद लोगों और कई वाहनों को टक्कर मार दी. इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए.

जानकारी के मुताबिक, हादसा उस समय हुआ जब कार चालक अपनी इलेक्ट्रिक कार पर से नियंत्रण खो बैठा. इसके बाद बेकाबू कार ने कई लोगों को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि सड़क पर अफरा-तफरी मच गई. हादसे में सड़क पर चल रही चार से पांच गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं.

हादसे में नदीम खान, उम्र 35 वर्ष, की मौत हो गई. एक अन्य व्यक्ति की भी इस दुर्घटना में जान चली गई. वहीं, शुरुआती जानकारी के अनुसार करीब 12 लोग घायल हुए हैं. जिन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

तेज रफ्तार इलेक्ट्रिक कार ने मचाई तबाही

दुर्घटना के बाद कार चालक अपनी गाड़ी मौके पर छोड़कर फरार हो गया. घटना के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस और अन्य बचाव दल घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की और घटनास्थल का निरीक्षण किया.

Advertisement

हादसे में कई वाहनों को भी नुकसान पहुंचा. एक ऑटो रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. दुर्घटना की तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें हादसे की भयावहता साफ दिखाई दे रही है. वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं.

पुलिस ने घटना की जांच शुरू की

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस ने घटनास्थल से कार को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और पूरे मामले की पड़ताल जारी है.

---- समाप्त ----
रिपोर्ट- नीलेश पाटिल
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement