scorecardresearch
 

इजरायल में हमास के हमले में मारी गई थी गर्लफ्रेंड, अब प्रेमी ने कब्र के पास किया सुसाइड

7 अक्टूबर 2023 के हमास हमले में अपनी गर्लफ्रेंड लिरोन बार्डा को खोने के करीब तीन साल बाद 30 वर्षीय बार असरफ ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. वह लिरोन की कब्र के पास मृत मिले. परिवार के मुताबिक, गर्लफ्रेंड की मौत के बाद से वह इस सदमे से उबर नहीं पाए थे.

Advertisement
X
गर्लफ्रेंड लिरोन बार्डा को हमास हमले में खोने के करीब तीन साल बाद 30 वर्षीय बार असरफ उनकी कब्र के पास मृत मिले.(Photo: X)
गर्लफ्रेंड लिरोन बार्डा को हमास हमले में खोने के करीब तीन साल बाद 30 वर्षीय बार असरफ उनकी कब्र के पास मृत मिले.(Photo: X)

इजरायल पर 7 अक्टूबर 2023 को हमास के हमले में अपनी गर्लफ्रेंड को खोने के करीब तीन साल बाद 30 वर्षीय बार असरफ ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. शनिवार को वेस्ट बैंक के एल्काना स्थित कब्रिस्तान में वह अपनी गर्लफ्रेंड लिरोन बार्डा की कब्र के पास सीने में गोली लगने से मृत मिला. इमरजेंसी टीम मौके पर पहुंची, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका.

लिरोन बार्डा की 7 अक्टूबर को नोवा म्यूजिक फेस्टिवल पर हुए हमले में मौत हो गई थी. वह फेस्टिवल में बार मैनेजर के तौर पर काम कर रही थीं. इजरायली मीडिया के मुताबिक, असरफ एक पारिवारिक शादी से चुपचाप निकल गए थे. कुछ समय बाद परिवार ने उनकी तलाश शुरू की और उनकी बहन ने उन्हें बार्डा की कब्र के पास पाया.

असरफ की बहन लेही ने Walla को बताया कि उनका भाई अक्सर बार्डा की कब्र पर जाकर उनसे बातें करता और वहां समय बिताता था. परिवार ने इसी वजह से उन्हें वहां तलाशने का फैसला किया. उनकी बहन ने पहले सोचा कि वह कब्र के पास आराम कर रहे हैं, लेकिन बाद में उन्हें खून से लथपथ पाया और पास में बंदूक देखी.

गर्लफ्रेंड की मौत से नहीं उबर पाए थे असरफ

Advertisement

दोस्तों और परिवार के मुताबिक, बार्डा की मौत के बाद से असरफ इससे उबरने के लिए संघर्ष कर रहे थे. हमले के दौरान बार्डा ने फेस्टिवल से भागने के बजाय घायलों की मदद करने के लिए वहीं रुकने का फैसला किया था. उनके पिता एवी ने पहले बताया था कि उन्होंने बेटी से वहां से निकलने को कहा था, लेकिन उसने घायलों को छोड़कर जाने से इनकार कर दिया था.

असरफ की मां ब्राचा के मुताबिक, बार्डा को खोने के बाद उनके बेटे की जिंदगी पूरी तरह बदल गई थी. वह बार्डा के परिवार के करीब रहे, उनकी मां के लिए नियमित रूप से फूल लेकर जाते थे और बार्डा की याद में टैटू भी बनवाया था. मौत से कुछ समय पहले उन्होंने अपनी मां से कहा था कि उन्हें अब भी बार्डा की बहुत याद आती है और कोई उनकी जगह नहीं ले सकता. असरफ का अंतिम संस्कार रविवार को नहल रब्बाह कब्रिस्तान में किया गया.

पहले भी सामने आए ऐसे मामले

इजरायली मीडिया ने अप्रैल 2024 में रिपोर्ट किया था कि नोवा फेस्टिवल के कई सर्वाइवर्स ने हमले के बाद के महीनों में आत्महत्या की थी. इनमें 28 वर्षीय रोई शालेव का मामला भी शामिल था. शालेव ने नोवा फेस्टिवल हमले में अपनी गर्लफ्रेंड मापल एडम और करीबी दोस्त हिली सोलोमन की हत्या होते देखी थी. उनकी पीठ में गोली लगी थी और वह घंटों मृत होने का नाटक करके बच गए थे. पिछले साल अक्टूबर में शालेव ने आत्महत्या कर ली थी. अपनी मौत से पहले उन्होंने आखिरी मैसेज में लिखा था, 'मुझे सच में माफ करना. मैं अब इस दर्द को और बर्दाश्त नहीं कर सकता.' एक अन्य मामले में नोवा फेस्टिवल में अपने बेटे स्लावा को खोने वाली येलेना गिलर ने दो साल तक गंभीर मानसिक सदमे से जूझने के बाद अक्टूबर 2025 में आत्महत्या कर ली थी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement