scorecardresearch
 

कॉलेज वाली लव स्टोरी और साजिश... मैरिड गर्लफ्रेंड ने चाकू से कर दी प्रेमी की हत्या, पति ने भी किए वार

नागपुर में कॉलेज के दिनों की एक लव स्टोरी ने ऐसा खौफनाक मोड़ लिया कि होली का त्योहार खून से रंग गया. पुणे से अपने गांव लौटा युवक अपनी पुरानी प्रेमिका से मिलने पहुंचा था, लेकिन उसे नहीं पता था कि यह मुलाकात एक साजिश का हिस्सा है. रास्ते में मैरिड गर्लफ्रेंड ने पहले से छिपाकर रखा चाकू निकाला और प्रेमी पर वार कर दिए, तभी पीछे से पहुंचे पति ने भी हमला कर दिया. कुछ ही मिनटों में कॉलेज का प्यार हत्या की वारदात में बदल गया.

Advertisement
X
शादीशुदा प्रेमिका ने रची साजिश और कर दी हत्या. (Photo: Screengrab)
शादीशुदा प्रेमिका ने रची साजिश और कर दी हत्या. (Photo: Screengrab)

महाराष्ट्र के नागपुर में ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने पुराने अफेयर को खूनी साजिश में बदल दिया. यहां शादीशुदा प्रेमिका ने अपने पति के साथ मिलकर अपने प्रेमी की चाकू से हत्या कर दी. युवक होली मनाने के लिए पुणे से अपने गांव लौटा था, लेकिन उसे अंदाजा भी नहीं था कि जिस मुलाकात के लिए वह जा रहा है, वही उसकी जिंदगी की आखिरी मुलाकात साबित होगी.

कॉलेज से शुरू हुई कहानी

मामला नागपुर के खापरखेड़ा इलाके का है. पुलिस के अनुसार, मृतक युवक की पहचान सागर वानखेड़े के रूप में हुई है. सागर पुणे में नौकरी करता था और होली का त्योहार मनाने के लिए अपने गांव आया हुआ था. सागर और सोनाली गजभिये की कहानी कॉलेज के दिनों में शुरू हुई थी. 

पढ़ाई के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और यह दोस्ती धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई. उस समय दोनों अक्सर एक-दूसरे से मिलते और साथ वक्त बिताते थे.

nagpur married girlfriend kills lover with husband college affair

लेकिन समय के साथ परिस्थितियां बदल गईं. सोनाली की शादी राजू गजभिये नाम के युवक से हो गई. शादी के बाद सोनाली अपने पति के साथ रहने लगी और उनके दो बच्चे भी हुए. हालांकि शादी के बाद भी सागर और सोनाली के बीच संपर्क पूरी तरह खत्म नहीं हुआ. दोनों के बीच फोन और सोशल मीडिया के जरिए बातचीत जारी रही.

Advertisement

महिला के पति को हुआ शक

समय के साथ सोनाली के पति राजू गजभिये को इस रिश्ते की भनक लग गई. इस बात को लेकर घर में कई बार विवाद भी हुआ. बताया जाता है कि राजू ने इस मामले में पहले खापरखेड़ा पुलिस स्टेशन में शिकायत भी दर्ज कराई थी. हालांकि इसके बावजूद सागर और सोनाली के बीच बातचीत का सिलसिला बंद नहीं हुआ.

यह भी पढ़ें: 4 साल का अफेयर, विवाद और गोली... होली पर मिलने आई प्रेमिका, साथ में आए भाई ने प्रेमी की कर दी हत्या

इसी बीच होली का त्योहार आया और सागर पुणे से अपने गांव सावंगी लौट आया. त्योहार के दौरान उसने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर सोनाली को मैसेज किया और उससे मिलने की इच्छा जताई. पुलिस के अनुसार, सोनाली ने भी उससे मिलने के लिए हामी भर दी.

nagpur married girlfriend kills lover with husband college affair

गुरुवार की सुबह करीब 10 बजे सागर खापरखेड़ा पहुंचा. वहां सोनाली उससे मिली और सागर की बाइक पर बैठकर दोनों वहां से निकल गए. लेकिन सागर को शायद यह अंदाजा नहीं था कि जिस मुलाकात को वह सामान्य समझ रहा है, उसके पीछे एक खौफनाक साजिश छिपी हुई है.

रास्ते में रची गई साजिश

पुलिस जांच में सामने आया है कि सोनाली अपने साथ पहले से ही एक चाकू लेकर आई थी. उधर उसका पति राजू गजभिये भी बच्चों को स्कूल छोड़ने के बाद दोनों के पीछे-पीछे निकल पड़ा था. जब सागर और सोनाली बाइक से खापरखेड़ा-कोराडी रोड पर पहुंचे और कोलार नदी के पुल को पार किया, तभी सोनाली ने योजना के तहत अपना पर्स जानबूझकर सड़क पर गिरा दिया. जैसे ही सागर ने बाइक रोकी और नीचे उतरकर पर्स उठाने की कोशिश की, उसी पल पूरी साजिश सामने आ गई.

Advertisement

अचानक कर दिए चाकू के वार

पुलिस के मुताबिक, सागर के झुकते ही सोनाली ने तुरंत चाकू निकाला और उस पर दो वार कर दिए. अचानक हुए इस हमले से सागर संभल भी नहीं पाया था कि तभी वहां राजू गजभिये भी पहुंच गया. इसके बाद राजू ने भी सागर पर ताबड़तोड़ चाकू से वार किए. कुछ ही पलों में सागर गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा. लगातार हुए हमलों के कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई. दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई.

nagpur married girlfriend kills lover with husband college affair

हत्या के बाद घर लौटे आरोपी

हत्या को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी वहां से निकल गए और अपने घर लौट गए. बताया जाता है कि बाद में दोनों पुलिस स्टेशन जाकर सरेंडर करने की तैयारी में थे. लेकिन इससे पहले ही पुलिस को घटना की जानकारी मिल गई और कोराडी पुलिस स्टेशन की डीबी टीम ने रास्ते में ही पति-पत्नी को हिरासत में ले लिया.

यह भी पढ़ें: 'मुझे बस उससे छुटकारा मिल जाए, चाहे जो सजा दे दो...' सास-दामाद के 10 महीने की लव स्टोरी का दर्द राहुल से सुनिए

पूछताछ के दौरान दोनों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली. पुलिस ने मृतक सागर वानखेडे के शव को पोस्टमार्टम के लिए नागपुर सरकारी अस्पताल भेज दिया है. मामले में हत्या का केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस साजिश की योजना कब और कैसे बनाई गई थी.

Advertisement

दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद खापरखेड़ा और आसपास के इलाकों में सनसनी फैल गई. लोगों के बीच इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. एक समय कॉलेज की दोस्ती और प्यार से शुरू हुई यह कहानी आखिरकार खून-खराबे पर खत्म हुई. जिस मुलाकात के लिए सागर पुणे से अपने गांव आया था, वही मुलाकात उसकी जिंदगी की आखिरी मुलाकात बन गई.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement