केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के खिलाफ सोशल मीडिया पर भड़काऊ और आपत्तिजनक वीडियो साझा करने के मामले में नागपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी पर गडकरी को जान से मारने की धमकी देने और समाज में सांप्रदायिक तनाव फैलाने का आरोप है.
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने फेसबुक और इंस्टाग्राम पर दो वीडियो पोस्ट किए थे, जिनमें न सिर्फ मंत्री गडकरी और उनके परिवार के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां की गईं थीं, बल्कि अलग-अलग समुदायों के बीच सांप्रदायिक माहौल खराब करने का प्रयास भी किया गया था .
सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो की शिकायत अखिल भारत हिंदू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुमित कुमार चौहान की ओर से पुलिस थाने में दर्ज कराई गई थी.
जांच में पुलिस ने पाया कि ये वीडियो आयुष अग्रवाल नाम के व्यक्ति ने सोशल मीडिया में पोस्ट किया है जो कि नागपुर के हुड़केश्वर स्थित महालक्ष्मी नगर का निवासी है.
पुलिस ने तुरंत मामले में FIR दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ आपराधिक धमकी, शांति भंग करने, मानहानि और भड़काऊ सामग्री फैलाने जैसी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है.
पुलिस ने बताया कि इस तरह से सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.