झारखंड की राजधानी रांची में आरएसएस कार्यालय में बमबाजी मामले में नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी ने लोहरदगा में छापेमारी की.इस दौरान जेल में बंद आरोपी और लोहरदगा निवासी अमन अंसारी के घर भी एनआईए की टीम पहुंची. घर अंदर से बंद होने के कारण टीम को भीतर जाने के लिए बिजली विभाग की क्रेन का सहारा लेना पड़ा.
जानकारी के अनुसार, अमन अंसारी का घर अंदर से बंद था.दरवाजा खुलवाने की कोशिश की गई,लेकिन जब काफी प्रयास के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो प्रशासन और पुलिस की मदद से वैकल्पिक व्यवस्था की गई.इसके बाद बिजली विभाग की क्रेन की मदद ली गई.क्रेन के सहारे एनआईए की छापेमारी टीम घर के ऊपरी हिस्से तक पहुंची और वहां से नीचे उतरकर घर का दरवाजा खोला. इसके बाद टीम ने आगे की कार्रवाई की.
पांच जगहों पर एक साथ की छापेमारी
एनआईए ने लोहरदगा में पांच अलग-अलग स्थानों पर एक साथ छापेमारी की. हालांकि, इस कार्रवाई को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. लोहरदगा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि उन्हें इस संबंध में कोई अधिकृत जानकारी नहीं है, एनआईए की कार्रवाई के दौरान लोहरदगा पुलिस के अधिकारी और जवान भी टीम की मदद के लिए मौजूद रहे. हालांकि, मामले को लेकर फिलहाल कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है.
रांची स्थित आरएसएस कार्यालय पर हुई थी बमबारी
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के रांची स्थित प्रांत कार्यालय पर 16 जून की रात हमला हुआ था, हमलावरों ने कार्यालय पर दो पेट्रोल बम फेंके थे. इनमें से एक बम मुख्य द्वार के बाहर बरामद हुआ, जबकि दूसरा इमारत की छत पर गिरा. पहला हमला नाकाम रहा, लेकिन दूसरे पेट्रोल बम से आग लग गई थी. इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया. इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में कई लोगों को गिरफ्तार किया था.