scorecardresearch
 

शराब के नशे में हैवान बना देवर, भाभी और 10 साल की भतीजी को कुल्हाड़ी से काट डाला

झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है. शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति ने अपनी भाभी और 10 साल की भतीजी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जंगल में भाग गया, लेकिन पुलिस ने कुछ घंटों बाद उसे गिरफ्तार कर लिया. हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है.

Advertisement
X
जंगल से आरोपी गिरफ्तार.(Photo: Representational)
जंगल से आरोपी गिरफ्तार.(Photo: Representational)

झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति ने अपनी ही भाभी और 10 साल की भतीजी की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार होकर पास के जंगल में छिप गया, लेकिन पुलिस ने रविवार सुबह उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान रमई बिरुआ उर्फ लुगुन के रूप में हुई है. उसे मंझारी थाना क्षेत्र के तिरलो गांव स्थित उसके घर के पास से गिरफ्तार किया गया. 

वहीं, पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी शनिवार दोपहर शराब पीकर घर लौटा था. घर पहुंचते ही उसका अपने छोटे भाई की पत्नी से विवाद शुरू हो गया. इसी दौरान उसने गाली-गलौज करते हुए आरोप लगाया कि उसका छोटा भाई और उसकी पत्नी उसे घर से निकालना चाहते हैं.

यह भी पढ़ें: पश्चिमी सिंहभूम में पत्थर से कुचलकर 55 वर्षीय शख्स की हत्या, जंगल में फेंका शव

विवाद के बाद कुल्हाड़ी से किया हमला

पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गुस्से में कुल्हाड़ी उठा ली और अपनी 33 वर्षीय भाभी ननिका बिरुआ के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

इसके बाद आरोपी ने अपनी 10 वर्षीय भतीजी शर्मिला पर भी हमला कर दिया. मासूम बच्ची ने बचने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उसे भी नहीं छोड़ा और उसकी भी हत्या कर दी. कुछ ही मिनटों में घर मातम में बदल गया.

Advertisement

चीख-पुकार सुनकर खेत में काम कर रहा आरोपी का छोटा भाई दाखल सिंह बिरुआ घर पहुंचा. आरोपी ने उस पर भी हमला करने की कोशिश की, लेकिन वह किसी तरह बच निकला.

वारदात के बाद जंगल में छिपा, पुलिस ने दबोचा

डबल मर्डर को अंजाम देने के बाद आरोपी पास के जंगल में भाग गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी की तलाश शुरू कर दी.

रविवार सुबह पुलिस ने उसे उसके घर के पास से गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई. पुलिस अब आरोपी से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ कर रही है.

मंझारी थाना पुलिस ने बताया कि मृतका के पति दाखल सिंह बिरुआ के बयान पर मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

अक्सर शराब पीकर करता था झगड़ा

दाखल सिंह बिरुआ ने पुलिस को बताया कि उसका बड़ा भाई अक्सर शराब पीकर घर आता था और परिवार के लोगों से झगड़ा करता था. उसकी इस आदत के कारण घर में आए दिन विवाद होता रहता था.

पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद और नशे की हालत में वारदात को अंजाम देने की बात सामने आई है. मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement