हरियाणा के गुरुग्राम से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है. सेक्टर-67 स्थित अंसल अरसालिया सोसाइटी की पार्किंग में सो रही 57 साल की मेड की थार वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. परिजनों का आरोप है कि वाहन चला रही महिला ने लापरवाही से गाड़ी बैक की, जिससे यह हादसा हुआ. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक, मृतका की पहचान गुड्डी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के महोबा जिले की रहने वाली थीं. वह गुरुग्राम में घरेलू मेड के तौर पर काम करती थी. बताया जा रहा है कि घटना के समय वह सोसाइटी की पार्किंग में आराम कर रही थी. इसी दौरान लाल रंग की थार चला रही एक महिला ने कथित तौर पर वाहन बैक करते समय उसे नहीं देखा और गाड़ी उसके ऊपर चढ़ गई. गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
मृतका के परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद महिला चालक घायल गुड्डी को अपनी दूसरी कार से एक निजी अस्पताल लेकर गई, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. परिजनों का कहना है कि अस्पताल से लौटने के बाद महिला शव को वापस सोसाइटी की पार्किंग में छोड़कर अपने फ्लैट में चली गई. हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. यदि जांच में लापरवाही या अन्य आपराधिक पहलुओं की पुष्टि होती है तो संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी.