scorecardresearch
 

NEET की तैयारी कर रही 18 साल की छात्रा ने 16वीं मंजिल से कूदकर दी जान, Answer Key देखने के बाद से थी तनाव में

फरीदाबाद में NEET-UG की 18 वर्षीय अभ्यर्थी ने कथित तौर पर 16वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली. पुलिस के अनुसार, छात्रा ने NTA की जारी Answer Key से अपना संभावित स्कोर निकाला था, जो उसकी उम्मीद से कम था. इसके बाद वह मानसिक तनाव में आ गई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Advertisement
X
घर पर अकेली थी छात्रा.(Photo: Representational)
घर पर अकेली थी छात्रा.(Photo: Representational)

हरियाणा के फरीदाबाद से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है. यहां NEET-UG की तैयारी कर रही 18 वर्षीय छात्रा ने कथित तौर पर 16वीं मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी. पुलिस के अनुसार, छात्रा ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की ओर से जारी Answer Key के आधार पर अपना संभावित स्कोर निकाला था. जब उसे लगा कि उसके अंक उम्मीद से कम रहेंगे, तो वह मानसिक तनाव में आ गई.

मृतका की पहचान दन्विता (Danvita) के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, घटना गुरुवार सुबह करीब 11:30 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच सेक्टर-87 स्थित SRS रॉयल हिल्स सोसायटी की टावर A2 में हुई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया.

यह भी पढ़ें: होटल के कमरे में बैठ नकली नोट छाप रहा था IT इंजीनियर, फरीदाबाद से गिरफ्तार

प्रारंभिक जांच में पुलिस का कहना है कि छात्रा पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में थी. परिजनों ने भी बताया कि संभावित स्कोर का अनुमान लगाने के बाद वह काफी परेशान रहने लगी थी.

Answer Key देखने के बाद बढ़ गया था तनाव

पुलिस के अनुसार, दन्विता ने हाल ही में NEET-UG परीक्षा दी थी. सोमवार को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने उम्मीदवारों को उत्तरों पर आपत्ति दर्ज कराने का अवसर देने के लिए Answer Sheet और Answer Key जारी की थी.

Advertisement

बताया जा रहा है कि छात्रा ने उसी Answer Key के आधार पर अपना संभावित स्कोर निकाला. जब अनुमानित अंक उसकी अपेक्षाओं से कम निकले तो वह गहरे तनाव में चली गई.

परिजनों ने पुलिस को बताया कि पिछले कुछ दिनों से वह मानसिक रूप से परेशान थी. पुलिस का मानना है कि इसी तनाव के चलते उसने यह कदम उठाया. हालांकि मामले की जांच अभी जारी है.

मां विजयवाड़ा में थीं, घर पर अकेली थी छात्रा

पुलिस के मुताबिक, दन्विता का परिवार मूल रूप से आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा का रहने वाला है और पिछले कुछ समय से फरीदाबाद में किराये के मकान में रह रहा था. उसके पिता एक निजी कंपनी में वरिष्ठ पद पर कार्यरत हैं.

घटना के समय छात्रा घर पर अकेली थी, क्योंकि उसकी मां विजयवाड़ा गई हुई थीं. सोसायटी के लोगों ने बताया कि परिवार टावर A1 में रहता था, लेकिन घटना से पहले दन्विता टावर A2 की छत पर पहुंची.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उसने छलांग लगाने से पहले अपनी चप्पल, मोबाइल फोन, कलाई का ब्रेसलेट और चश्मा दीवार पर रख दिया था. इसके बाद उसने 16वीं मंजिल से छलांग लगा दी.

पुलिस जांच में जुटी, NEET-UG देश की सबसे बड़ी प्रवेश परीक्षा

भूपानी थाना पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची और सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं. फिलहाल मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.

Advertisement

गौरतलब है कि NEET-UG देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा है, जिसमें हर साल करीब 25 लाख अभ्यर्थी शामिल होते हैं. इस वर्ष पेपर लीक के आरोपों के बाद परीक्षा दोबारा 21 जून को आयोजित की गई थी.

अगर आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव, निराशा या आत्महत्या जैसे विचारों से जूझ रहा है, तो तुरंत अपने परिवार, भरोसेमंद व्यक्ति या किसी मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से संपर्क करें. समय पर मदद लेना बेहद जरूरी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement