
मॉनसून की पहली ही तेज बारिश ने दिल्ली-एनसीआर का हाल बुरा कर दिया है. मंगलवार को तेज हवाओं के साथ हुई झमाझम बारिश से सड़कें जलमग्न हो गईं और कई जगहों पर पेड़ उखड़ गए. वहीं, दिल्ली-एनसीआर में जलभराव की वजह से यातायात पर असर पड़ा. लोग घंटों ट्रैफिक जाम में फंसे रहे. वहीं, गुरुग्राम में NH 48 के पास सड़क धंसने से यातायात प्रभावित हुआ. मौसम विभाग (IMD) की ओर से जारी बारिश के अलर्ट के बीच गुरुग्राम में कई कंपनियों ने कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम करने की सलाह दी है.
मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट वेदर के विशेषज्ञ महेश पलावत के अनुसार, उत्तरी पाकिस्तान में पश्चिमी विक्षोभ, मध्य प्रदेश में कम दबाव का क्षेत्र और अरब सागर से नम हवाओं के मिलने से बारिश हुई है. अगले दो दिनों में बारिश की तीव्रता कम हो जाएगी और 12 जुलाई के आसपास मौसम का ट्रफ उत्तरी दिशा में जाएगा. इसके बाद दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान में मॉनसून ब्रेक जैसी स्थिति रह सकती है. मौसम विभाग (IMD) ने बुधवार को भी गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है. न्यूनतम तापमान 22 डिग्री और अधिकतम 33 डिग्री रहने की संभावना है.

गुरुग्राम में बारिश से बिगड़े हालात
गुरुग्राम, जिसे मिलेनियम सिटी भी कहा जाता है, बारिश में फिर से डूब गया. हीरो होंडा चौक, राजीव चौक, सोहना रोड समेत कई अन्य इलाकों में इतना पानी भर गया कि सड़कें दरिया जैसी दिखाई देने लगीं. जलभराव की वजह से सड़कों पर गाड़ियों की रफ्तार सुस्त पड़ी और लोग घंटों जाम में फंसे रहे.

कुछ जगहों पर पानी इतना ज्यादा था कि छोटी गाड़ियां आधी तक डूब गईं. कुछ लोगों ने बताया कि ऑफिस से घर लौटते वक्त भारी जाम की वजह से वह रास्ते में ही फंस गए. बारिश के कारण ड्रेनेज सिस्टम फिर फेल हो गया और कई सोसाइटियों में पानी भर गया.

गुरुग्राम में धंसी सड़क
दिल्ली-जयपुर हाईवे (NH-48) पर नरसिंहपुर के पास मुख्य सड़क धंस गई.जिसकी वजह से हीरो होंडा चौक से खेड़की दौला टोल प्लाजा तक कई किलोमीटर लंबा जाम लगा. सिविल लाइन रोड पर भी सड़क धंस गई. बसई, गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड, राजीव चौक, इफको चौक, उद्योग विहार, सोहना रोड, खांडसा रोड समेत कई इलाकों में भारी जाम रहा. गुरुग्राम में सबसे ज्यादा 82 मिलीमीटर बारिश कादीपुर में दर्ज की गई. गुरुग्राम तहसील में 76 मिमी और मनेसर में 50 मिमी बारिश दर्ज की गई.

दिल्ली में उखड़े पेड़, वाहनों को नुकसान
दिल्ली में तेज हवा के साथ हुई भारी बारिश के कारण कई इलाकों में बड़े पेड़ उखड़कर गिर गए. ईस्ट ऑफ कैलाश इलाके में भी गाड़ियों पर पेड़ गिरने से काफी नुकसान हुआ है. ग्रीन पार्क, न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी, साउथ दिल्ली के कई इलाकों में पेड़ गिरने की खबरें आईं.

गुरुग्राम में वर्क फ्रॉम होम
बारिश के कहर को देखते हुए गुरुग्राम की कई कंपनियों ने कर्मचारियों को घर से काम करने की सलाह दी है. भारी बारिश के बीच जलभराव और जाम से परेशान लोगों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर की. एक यूजर ने लिखा, गुरुग्राम में ऑफिस जाना बहुत हिम्मत का काम है. हर बारिश में यही हाल होता है. वहीं, कई लोगों ने ड्रेनेज सिस्टम पर सवाल उठाए.
आज भी बारिश का अलर्ट जारी
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-NCR के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. बता दें कि दिल्ली-NCR में हर मॉनसून में यही समस्या दोहराई जाती है. बेहतर ड्रेनेज सिस्टम, पेड़ों की नियमित छंटाई और सड़क निर्माण में सावधानी बरतने की जरूरत है.