scorecardresearch
 

कॉकरोच जनता पार्टी के संसद मार्च से पहले दिल्ली में हाई अलर्ट, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, जगह-जगह बैरिकेडिंग और वाहन जांच तेज

20 जुलाई को प्रस्तावित कॉकरोच जनता पार्टी के 'चलो संसद' मार्च और संसद के मानसून सत्र को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने राजधानी में सुरक्षा कड़ी कर दी है. नई दिल्ली के प्रमुख इलाकों में बैरिकेडिंग, वाहनों की सघन जांच और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस ने बताया कि मार्च की अनुमति नहीं ली गई है और सुरक्षा कारणों से इसकी मंजूरी मिलने की संभावना कम है. वहीं, सोनम वांगचुक के अस्पताल ले जाए जाने के बाद भारत तिवारी ने मार्च जारी रखने का ऐलान किया है.

Advertisement
X
दिल्ली पुलिस ने राजधानी में सुरक्षा कड़ी कर दी है. Photo PTI
दिल्ली पुलिस ने राजधानी में सुरक्षा कड़ी कर दी है. Photo PTI

कॉकरोच जनता पार्टी के 20 जुलाई को प्रस्तावित 'चलो संसद' मार्च और संसद के मानसून सत्र को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. पुलिस ने नई दिल्ली जिले के प्रमुख प्रवेश मार्गों को हाई सिक्योरिटी जोन में बदल दिया है. जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है, वाहनों की सघन जांच की जा रही है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, 20 जुलाई से शुरू हो रहे संसद के मानसून सत्र के पहले दिन ही सीजेपी ने संसद मार्च का आह्वान किया है. हालांकि, अब तक इस मार्च के लिए दिल्ली पुलिस से कोई अनुमति नहीं मांगी गई है.

सूत्रों का कहना है कि यदि आयोजक अनुमति के लिए आवेदन भी करते हैं, तो संसद सत्र और सुरक्षा कारणों से इसकी मंजूरी मिलने की संभावना बेहद कम है. पुलिस किसी भी अनधिकृत मार्च को संसद की ओर बढ़ने की अनुमति नहीं देगी और प्रदर्शनकारियों को हाई सिक्योरिटी जोन तक पहुंचने से पहले ही रोकने की तैयारी की गई है.

दिल्ली पुलिस ने नई दिल्ली जिले में प्रवेश करने वाले सभी वाहनों की सघन जांच के निर्देश दिए हैं. रणनीतिक स्थानों पर अतिरिक्त बैरिकेड लगाए गए हैं और नई दिल्ली, मध्य दिल्ली तथा उत्तर दिल्ली में चौबीसों घंटे निगरानी बढ़ा दी गई है.

Advertisement

सूत्रों के अनुसार, जंतर मंतर, संसद मार्ग, सेंट्रल विस्टा, शंकर चौक, कनॉट प्लेस और अन्य संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई है. किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए रिजर्व पुलिस बल को भी तैयार रखा गया है. प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, गश्त बढ़ाई गई है और सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी रखी जा रही है.

यह सुरक्षा व्यवस्था ऐसे समय में बढ़ाई गई है जब करीब 20 दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक को स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश पर शुक्रवार तड़के सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया.

इसके बाद भारत तिवारी ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने का ऐलान करते हुए कहा कि 20 जुलाई का 'चलो संसद' मार्च तय कार्यक्रम के अनुसार ही निकाला जाएगा.

दिल्ली पुलिस का कहना है कि ये सभी सुरक्षा इंतजाम एहतियात के तौर पर किए गए हैं, ताकि संसद सत्र और प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रहे.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement