भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण यानी एफएसएसएआई ने नई दिल्ली के रेडिसन ब्लू होटल को फूड सेफ्टी और साफ-सफाई से जुड़े कई कथित उल्लंघनों पर सुधार नोटिस जारी किया है. होटल का संचालन मेसर्स एबी होटल्स लिमिटेड करती है.
जांच में परिसर, उपकरणों, सफाई, खाने की खरीद और रखरखाव में कमियां मिलने का दावा किया गया. प्राधिकरण ने संचालक से तुरंत सुधार करने और दस्तावेजों तथा जरूरी तस्वीरों के साथ विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है.
यह भी पढ़ें: 'Rum' नहीं Rum-like लिखो', FSSAI के कड़े रुख से Old Monk को 500 करोड़ का नुकसान
परिसर और सफाई व्यवस्था में मिलीं कमियां
नोटिस के मुताबिक, जंग लगी मशीनें और फ्रीजर में रिसाव मिला, जबकि ठंडा रखने की व्यवस्था नाकाफी थी. तापमान निगरानी, हवा की निकासी, फर्श और रोशनी में कमियां थीं.
सफाई और स्वच्छता में खामियों के साथ रुका पानी, नालियों की दिक्कत और खाने के कचरे का गलत प्रबंधन मिला. कीट नियंत्रण नाकाफी था और जांच वाले इलाकों में कॉकरोच तथा मक्खियों की गतिविधि मिली.
खाने की खरीद और उसे लेने की प्रक्रिया पर सवाल उठे. फफूंद लगे और खराब फल-सब्जियां लिए गए थे. मंजूरशुदा विक्रेताओं के रिकॉर्ड और खाने के स्रोत का पता लगाने वाली व्यवस्था में कमियां थीं.
तेल और खाने को अलग रखने पर सवाल
होटल के एनवाईसी किचन में कुल ध्रुवीय यौगिक यानी टीपीसी का मान 31 और 24.4 वाला तेल इस्तेमाल हो रहा था. नोटिस के अनुसार, तेल की जरूरी उपयुक्तता जांच नहीं हुई थी.
यह भी पढ़ें: राम मंदिर के नाम जुड़ी एक और बड़ी उपलब्धि, FSSAI ने दिया ये खास सर्टिफिकेट
कच्चे और पके खाने, शाकाहारी और मांसाहारी चीजों, एलर्जी पैदा करने वाले और नहीं करने वाले खाद्य पदार्थों को ठीक से अलग नहीं रखा था. खाने और गैर-खाद्य सामान को अलग रखने में कमी मिली. कुछ कर्मचारी दस्तानों और हेयरनेट के बिना, गहने पहनकर और लंबे नाखूनों के साथ काम कर रहे थे.
एफएसएसएआई लाइसेंस प्रमुख जगह पर नहीं लगा था. लाइसेंस की शर्तों और खाद्य कारोबार के दायरे में कमियां भी दर्ज हुईं. संचालक को सुधार के सबूत दस्तावेजों और तस्वीरों सहित देने हैं. नोटिस में चेतावनी दी गई है कि निर्देशों का पालन नहीं होने पर आगे नियामक कार्रवाई हो सकती है, जिसमें एफएसएसएआई लाइसेंस का निलंबन भी शामिल है.