दिल्ली में दशहरे पर इस बार रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के साथ 30 फीट ऊंचे कॉकरोच के पुतले का भी दहन किया गया. पीतमपुरा के नेताजी सुभाष प्लेस स्थित DDA मैदान में हुए इस आयोजन ने राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया. दिल्ली सरकार के मंत्री और बीजेपी नेता कपिल मिश्रा ने कॉकरोच के पुतले को आग लगाई. वहीं, आम आदमी पार्टी के दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने इसे धार्मिक भावनाएं आहत करने वाला कदम बताते हुए आयोजकों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है.
सौरभ भारद्वाज ने मंगलवार को दिल्ली के उपराज्यपाल और पुलिस कमिश्नर को शिकायत भेजी. इसमें उन्होंने श्री केशव रामलीला कमेटी के आयोजकों, दिल्ली सरकार के मंत्री और कमेटी के सदस्य कपिल मिश्रा तथा अन्य आयोजकों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की. भारद्वाज का आरोप है कि पारंपरिक दशहरा पुतलों के साथ कॉकरोच का पुतला जलाने के फैसले से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं. उन्होंने मीडिया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से इस आयोजन से जुड़ी तस्वीरें, वीडियो और अन्य प्रचार सामग्री हटाने की मांग भी की. उन्होंने कहा कि अगर FIR दर्ज नहीं की गई, तो वह अदालत का रुख करेंगे.
कपिल मिश्रा का AAP पर पलटवार
शिकायत पर प्रतिक्रिया देते हुए कपिल मिश्रा ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा. उन्होंने कहा, 'कॉकरोच का पुतला जलाया जा रहा है और इससे देश की राजनीति के दीमकों को तकलीफ हो रही है.' मिश्रा ने दावा किया कि देश के खिलाफ साजिश करने के लिए कई समूह एक साथ आए हैं और अंत में सच्चाई की जीत होगी. उनका बयान AAP की शिकायत के जवाब में आया है.
क्यों चर्चा में आया कॉकरोच का पुतला
पीतमपुरा के नेताजी सुभाष प्लेस स्थित DDA मैदान में 30 फीट ऊंचा कॉकरोच का पुतला रावण, उसके भाई कुंभकर्ण और बेटे मेघनाद के पुतलों के साथ लगाया गया था. शाम को कपिल मिश्रा ने इसका दहन किया. कार्यक्रम देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे. आयोजकों ने कहा कि कॉकरोच का पुतला जलाने का उद्देश्य गंदगी और उससे जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के प्रति जागरूकता फैलाना था. उनके मुताबिक, कॉकरोच गंदगी और अस्वच्छ परिस्थितियों का प्रतीक है.
यह पुतला ऐसे समय चर्चा में आया है, जब कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किए जाने की बात सामने आई है. इसी पृष्ठभूमि में दशहरे पर कॉकरोच के पुतले का दहन राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया. अब इस मामले में सौरभ भारद्वाज की शिकायत और FIR की मांग के बाद सबकी नजर आगे की कार्रवाई पर है.