दिल्ली के नरेला इलाके में 17 साल के एक किशोर की उसके जन्मदिन पर ही चाकू मारकर हत्या किए जाने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है. इस घटना के बाद इलाके में दहशत और गम का माहौल है. एक एजेंसी के मुताबिक पुलिस ने मामले में एक नाबालिग आरोपी को हिरासत में लिया है और हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है.
घटना से गम में बदली बर्थडे की खुशियां
जानकारी के मुताबिक मृतक किशोर 15 मई को 17 साल का हुआ था और शुक्रवार शाम वह अपने रिश्तेदारों और दोस्तों के साथ जन्मदिन मनाने की तैयारी कर रहा था. परिवार के लोगों ने बताया कि घर में जन्मदिन को लेकर खुशी का माहौल था, लेकिन कुछ ही घंटों में यह खुशी मातम में बदल गई.
बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम कुरेनी गांव इलाके में किशोर का अपने एक दोस्त के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था. विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में आकर किशोर पर चाकू से हमला कर दिया. आरोपी ने किशोर की गर्दन के पीछे चाकू से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा.
घटना की सूचना पुलिस को PCR कॉल के जरिए मिली. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और खून से लथपथ हालत में पड़े किशोर को तुरंत सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र अस्पताल पहुंचाया गया. हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसके आधार पर पुलिस ने एक नाबालिग आरोपी को पकड़ लिया. पूछताछ के दौरान पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है.
आरोपी ने पीड़ित परिवार पर भी की हमले की कोशिश
मृतक के परिवार ने आरोपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं. परिवार का कहना है कि हत्या के बाद भी आरोपी का गुस्सा शांत नहीं हुआ और वह देर रात चाकू लेकर उनके घर पहुंच गया. उस समय परिवार के लोग किशोर की मौत का मातम मना रहे थे. आरोप है कि आरोपी ने परिवार वालों को भी धमकाने और हमला करने की कोशिश की. हालांकि शोर मचाने पर वह मौके से फरार हो गया.
इस घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश है. स्थानीय लोग आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है.