scorecardresearch
 

दिल्ली में गर्मी और प्रदूषण की दोहरी मार, 85 दिनों में सबसे खराब स्तर पर पहुंचा AQI

दिल्ली में रविवार को हवा की गुणवत्ता 'खराब' श्रेणी में पहुंच गई, जहां एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 250 के पार दर्ज किया गया. इससे पहले AQI का ऐसा स्तर अप्रैल महीने में देखा गया था.

Advertisement
X
IMD के अनुसार, पालम में अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. (Representative Photo. Credits: Reuters)
IMD के अनुसार, पालम में अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. (Representative Photo. Credits: Reuters)

दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 'खराब' कैटेगरी में दर्ज किया गया है. रविवार को एक्यूआई 261 पहुंच गया, जो पिछले 85 दिनों में सबसे ज्यादा है. यह रीडिंग 17 अप्रैल के बाद सबसे अधिक रही, जब एक्यूआई 263 दर्ज किया गया था.

इससे पहले शनिवार को दिल्ली का एक्यूआई 140 रिकॉर्ड किया गया था, जबकि इस महीने के ज्यादातर दिनों में हवा की क्वालिटी 'मध्यम' और 'संतोषजनक' श्रेणियों में बनी हुई थी.

कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) ने कहा कि दिल्ली-NCR में हवा की गुणवत्ता खराब होने का कारण लंबी दूरी की सीमा-पार हवाएं थीं, जो अफगानिस्तान, ईरान और पाकिस्तान में तूफान की गतिविधि से खनिज धूल लेकर आईं. ये हवाएं दिल्ली सहित उत्तर-पश्चिमी भारत की ओर बढ़ीं, जिससे PM10 का स्तर बढ़ गया.

वहीं, इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया कि शाम 5.30 बजे 'महसूस होने वाला तापमान' 45.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक है.

IMD के अनुसार, पालम में अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि लोधी रोड पर 37 डिग्री सेल्सियस, रिज में 36 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में 36.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. 

Advertisement

CAQM ने कहा कि इंडो-गैंगेटिक मैदान में तेज हवाओं के कारण भी राजधानी में एक्यूआई का स्तर बढ़ा है. रविवार को दिल्ली की हवा की गुणवत्ता 'खराब' श्रेणी में दर्ज की गई और अगले कुछ दिनों तक इसके इसी दायरे में रहने की संभावना है.

जानकारी के मुताबिक, सीमा-पार से आने वाली धूल का दौर कम होने के बाद एक्यूआई में सुधार होने की उम्मीद है. इसलिए, CAQM ने GRAP स्टेज-I की पाबंदियां लागू न करने का फैसला किया है क्योंकि हवा की गुणवत्ता खराब होने के पीछे सीमा-पार से आने वाली धूल है. हालांकि, कमीशन ने दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति को जमीनी स्तर पर धूल नियंत्रण के उपाय तेज करने का निर्देश दिया है.

बता दें, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मानकों के अनुसार, 0 से 50 के बीच एक्यूआई को 'अच्छा', 51 से 100 को 'संतोषजनक', 101 से 200 को 'मध्यम', 201 से 300 को 'खराब', 301 से 400 को 'बहुत खराब' और 401 से 500 को 'गंभीर' माना जाता है.

मौसम विभाग ने सोमवार को दिन के समय तेज सतही हवाएं चलने का अनुमान लगाया है और अधिकतम व न्यूनतम तापमान 37 और 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement