दिल्ली के कनॉट प्लेस में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के तिरंगा मार्च के बीच पालिका बाजार के दुकानदार मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के समर्थन में उतर आए. व्यापारियों का एक समूह कनॉट प्लेस पहुंचा और सीजेपी के प्रदर्शन का विरोध करते हुए ज्ञानेश कुमार के समर्थन में नारेबाजी की. इस दौरान व्यापारियों ने दिल्ली पुलिस के समर्थन में भी नारे लगाए. भीड़ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में 'मोदी-मोदी' के नारे भी लगाए.
सीजेपी ने आज कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में 'लेहरा दो तिरंगा' प्रदर्शन की अपील की थी. इसी प्रदर्शन के बीच पालिका बाजार के दुकानदारों का वहां पहुंचना चर्चा में रहा. व्यापारियों ने सीजेपी के प्रदर्शन के विरोध में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई और मुख्य चुनाव आयुक्त के समर्थन में नारे लगाए. इस दौरान एक शख्स ने आजतक से बातचीत में कहा कि तिरंगा फहराना गलत बात नहीं है लेकिन तिरंगे के नाम पर अराजकता नहीं फैलाने दिया जा सकता है.
यह भी पढ़ें: 'मैंने किया क्या है...', कहते रहे दिपके, तिरंगा मार्च के लिए घर से निकलते ही पुलिस ने हिरासत में लिया
अभिजीत दिपके घर से निकलते ही हिरासत में लिए गए
कनॉट प्लेस में एक तरफ सीजेपी के प्रदर्शनकारी तिरंगा लेकर पहुंचे, तो दूसरी तरफ पालिका बाजार के दुकानदार प्रदर्शन के विरोध और दिल्ली पुलिस के समर्थन में नारेबाजी करते नजर आए.
इस बीच कनॉट प्लेस में तिरंगा लेकर लोगों का पहुंचना जारी रहा. प्रदर्शन से जुड़े घटनाक्रम के दौरान सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया. इसके बाद भी इलाके में विरोध-प्रदर्शन की गतिविधियां जारी रहीं.
यह भी पढ़ें: CJP Tiranga Yatra Live: दिपके के बाद नेहा बोरा भी हिरासत में, तिरंगा मार्च के लिए कनॉट प्लेस पहुंचे CJP समर्थक
नेहा बोरा को भी हिरासत में लिया गया
अभिजीत दिपके की हिरासत के बाद बराखंबा रोड पर प्रदर्शन कर रहे वामपंथी छात्र संगठनों के सदस्यों को भी हिरासत में लिया जाने लगा. इसी घटनाक्रम के दौरान ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) की अध्यक्ष नेहा बोरा को भी हिरासत में लिया गया.
कनॉट प्लेस में हुए इस घटनाक्रम के बीच पालिका बाजार के व्यापारियों की नारेबाजी खास रही. उन्होंने सीजेपी के तिरंगा मार्च का विरोध करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और दिल्ली पुलिस के समर्थन में नारे लगाए. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में भी नारेबाजी की गई.