फेमस सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर, एक्टर और बिग बॉस फेम अदनान शेख ने साल 2024 में गर्लफ्रेंड संग धूमधाम से शादी रचाई थी. लेकिन उनकी शादी पर जमकर विवाद हुआ था, क्योंकि अदनान की पत्नी हिंदू हैं. लेकिन शादी से पहले वो धर्म बदलकर मुसलमान हो गई थीं. अब अदनान ने अपनी शादी पर हुए विवाद पर चुप्पी तोड़ी है.
क्या बोले अदनान?
एक पॉडकास्ट में अदनान से पूछा गया कि उनकी पत्नी ने उनके लिए क्या सैक्रिफाइज किया है? इसपर अदनान बोले- उन्होंने मेरे लिए अपना घर छोड़ दिया. उनके भाई आज तक उनसे बात नहीं करते हैं. उनकी मम्मी का निधन हो गया है. पिता का तो बचपन में ही निधन हो गया था. उनके मायके की तरफ से उनके साथ कोई भी कनेक्टेड नहीं है.
अदनान की शादी के वक्त काफी विवाद हुआ था. अदनान पर आरोप लगा था कि उन्होंने पत्नी का ब्रेनवॉश करके उन्हें धर्म बदलने पर मजबूर किया है. अदनान को काफी ट्रोलिंग झेलनी पड़ी थी. उनका परिवार भी उनके खिलाफ हो गया था.
भावुक हुए अदनान
शादी पर हुए विवाद पर अदनान बोले- वो मेरी जिंदगी का सबसे मुश्किल दौर था, क्योंकि रिसेप्शन वाली रात अम्मी अस्पताल में भर्ती हुई थीं. फिर एक दिन बाद मेरे अब्बा एडमिट हो गए थे. रिसेप्शन के दूसरे दिन ही अम्मी-अब्बा एडमिट हो गए थे.
'दूसरी तरफ कुछ लोगों ने मेरी वाइफ की फेक आईडी बनाकर उनकी पुरानी तस्वीरें वायरल कर दी थीं. शादी के बाद एक लड़की को चाहिए होता है कि उसे ससुराल में प्यार मिले. लेकिन मेरे यहां उल्टा ही हो रहा था. मैं भी काफी तनाव में आ गया था. पुलिस, अस्पताल और वकीलों के ही चक्कर लग रहे थे.'
अपनी शादी और परिवार के मुश्किल दिनों पर बात करते हुए अदनान भावुक हो गए. उनकी आंखों से आंसू आ गए. हालांकि, उन्होंने खुद को संभाला.
बता दें कि अदनान शेख की पत्नी का असली नाम रिद्धि है. लेकिन शादी के दौरान उन्होंने अपना नाम बदलकर आएशा रख लिया था. इस्लाम कबूल करने के बाद से अदनान की पत्नी बुर्का और हिजाब पहनती हैं. वो कभी अपना चेहरा भी नहीं दिखातीं.