तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बवाल मच गया है. विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन को एक्ट्रेस तृषा कृष्णन पर विवादित टिप्पणी करना भारी पड़ गया है. स्टालिन के खिलाफ 6 मामलों में केस दर्ज हुआ है. इसके बाद मंगलवार को उन्हें तमिलनाडु की पुलिस ने गिरफ्तार किया. सोशल मीडिया पर स्टालिन का वो वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने तृषा पर अटैक किया था.
स्टालिन के बयान पर बवाल
वायरल वीडियो में उदयनिधि स्टालिन कावेरी जल विवाद को लेकर एक रैली को संबोधित कर रहे थे. वहां उन्होंने राज्य के सीएम विजय पर निशाना साधा. तभी भीड़ में कुछ लोग तृषा, तृषा, तृषा चिल्लाने लगते हैं. उनकी ये बात सुनकर स्टालिन मुस्कुराते हैं. तृषा का नाम लिए बिना अभद्र कमेंट करते हैं. फिर तुरंत अपनी सफाई देते हुए कहते हैं- मैं कावेरी विवाद पर बोल रहा था. स्टालिन की ये बात सुनकर लोग हूटिंग करने लगे थे.
ट्रोल हुए स्टालिन
इंटरनेट पर स्टालिन के इस बयान का खूब मुद्दा बना. पब्लिक ही नहीं राजनीतिक पार्टियों के कई नेताओं ने स्टालिन के कमेंट की निंदा करते हुए इसे शर्मनाक बताया है. एक यूजर ने लिखा- हजारों लोगों की भीड़ में किसी महिला पर ऐसे कमेंटबाजी करना कायरता है. सोशल मीडिया पर स्टालिन को अरेस्ट करने की बात होने लगी. फिर केस दर्ज होने के बाद मंगलवार को तमिलनाडु की पुलिस ने इस मामले में एक्शन लिया.
स्टालिन ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के वक्त भी तृषा पर कमेंट किया था. क्योंकि तृषा राज्य के सीएम विजय की करीबी दोस्त हैं. इसलिए दोनों की नजदीकियां अक्सर चर्चा में रहती हैं. तृषा को लेकर कई दफा राजनीति भी हुई है. विजय संग उनकी करीबियों पर कई नेताओं ने इससे पहले भी सवाल उठाए हैं. लेकिन तृषा ने हमेशा गरिमा के साथ हेटर्स को जवाब दिया है. उन्होंने खुद को राज्य की राजनीति से दूर रखने की अपील की है.
बात करें तृषा और विजय की तो, दोनों की ऑनस्क्रीन जोड़ी हिट रही है. उन्होंने कई फिल्मों में साथ काम कर दर्शकों को एंटरटेन किया है. उनकी दोस्ती सालों पुरानी है. जो आज भी बरकरार है. विजय के शपथ ग्रहण समारोह में तृषा शामिल हुई थीं. उस वक्त भी तृषा की मौजूदगी कईयों को खटकी थी.