मंगलवार का दिन स्टैंडअप कॉमेडियन समय रैना पर बड़ा भारी था. लेटेंट शो विवाद में सुप्रीम कोर्ट ने एक बार फिर उन्हें जमकर फटकार लगाई. शो पर दिव्यांग बच्चों और SMA से पीड़ित मरीजों पर समय ने एक जोक किया, जिसपर वो बुरी तरह फंसे. वादा करने के बावजूद उन्होंने SMA संस्थान के लिए शो आयोजित नहीं किया, जिसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने उनपर 3 लाख रुपये का जुर्माना लगाया जिसे उन्हें दो हफ्तों में चुकाना होगा.
समय रैना और विवादों का अभी तक काफी करीबी रिश्ता रहा है. उनकी कौनसी बात पर कब कॉन्ट्रोवर्सी हो जाए, कोई नहीं जानता. समय के लिए कॉमेडियन सुनील पाल भी काफी बातें कहते रहते हैं. दोनों के बीच शब्दों की जंग छिड़ी रहती है. हाल ही में सुनील पाल एक इवेंट का हिस्सा बने थे, जहां उनसे समय रैना पर लगे इस जुर्माने पर पूछा गया.
समय को ट्रोल कर रहे सुनील पाल
सुनील पाल ने समय के लिए तो काफी कुछ कहा ही, मगर साथ ही साथ उन्होंने इसमें राखी सावंत को भी शामिल कर लिया. पैप्स से सुनील पाल ने अपने अंदाज में कहा- समय रैना जिसमें पूरी तरह औरत है और एक राखी सावंत जिसमें मर्द है. इन दोनों छपरी लोगों को फॉलो करोगे, तो 3 लाख रुपये का क्या, 3 करोड़ का जुर्माना लगेगा.
'तो समय रैना, तुम्हारा नाम समय यानी वक्त और रैना यानी रात है. तुम चाहते हो कि तुम्हारा वक्त रात की तरह ना रहे, दिन की तरह रहे, अच्छा रहे तो सुनील पाल को फॉलो करो. सुनील पाल को फ्रस्ट्रेटेड कहना बंद करो. अच्छी बातें, अच्छे विचार अलग लोगों तक पहुंचाना फ्रस्ट्रेशन है, तो हां मैं फ्रस्ट्रेटेड हूं. हमारे समाज को प्यार भरी बातों से जोड़ना फ्रस्ट्रेशन है, तो हां मैं हूं फ्रस्ट्रेटेड.'
यूजर्स का निशाना बने सुनील पाल
इस बात के जरिए सुनील पाल वैसे तो समय रैना को ट्रोल करना चाह रहे थे. मगर उल्टा वो खुद सोशल मीडिया यूजर्स से ट्रोल हो गए. लोग उनके दांत का मजाक उड़ा रहे हैं, जो इस वीडियो में नजर आ रहे हैं. एक यूजर ने लिखा भी है कि सुनील पाल आप पहले कोलगेट खरीदो. वहीं दूसरे ने लिखा है कि वो इसपर राखी सावंत का जवाब सुनने के लिए बेताब हैं.
बता दें कि सुनील पाल कुछ महीनों पहले कपिल शर्मा के नेटफ्लिक्स वाले शो पर पहुंचे थे, जहां समय रैना ने उनके दातों का मजाक उड़ाया था. इसके बाद सुनील पाल काफी गुस्सा भी हुए थे. उन्होंने शो के जज पर भी पक्षपात करने के आरोप लगाए थे.