बॉलीवुड और साउथ फिल्मों की जानी-मानी एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ रही है. खबरों की मानें तो अपनी आने वाली फिल्मों के लिए शूटिंग कर रहीं रश्मिका को सेट पर एक डांस सीक्वेंस के दौरान गंभीर चोट लग गई है. बताया जा रहा है कि इस हादसे में उनके हिप टेंडन (कमर और जांघ को जोड़ने वाली नस) पूरी तरह अलग हो गए हैं.
चोट की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत काम रोककर कम से कम छह हफ्ते तक बेड रेस्ट और रिहैबिलिटेशन (फिजिकल थेरेपी) की सख्त सलाह दी है. इस खबर के बाद से ही उनके फैंस बेहद चिंतित हैं.
डांस और एक्शन सीन के दौरान हादसा
रिपोर्ट्स के मुताबिक, रश्मिका को यह गंभीर चोट अपनी आने वाली फिल्मों 'रणबाली' और 'म्यसा' के भारी-भरकम एक्शन और मुश्किल डांस सीन्स की शूटिंग के दौरान लगी है. लगातार हो रही भारी फिजिकल एक्टिविटी की वजह से उनके शरीर पर काफी दबाव पड़ रहा था. डॉक्टरों का साफ कहना है कि अब काम पर दोबारा लौटने से पहले उन्हें अपनी रिकवरी के लिए खुद को पूरा समय देना होगा.
डॉक्टरों ने जताई हैरानी
मेडिकल एक्सपर्ट्स भी रश्मिका की इस चोट की गंभीरता को देखकर हैरान हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि हिप टेंडन का इस तरह पूरी तरह अलग हो जाना अमूमन किसी पेशेवर एथलीट के साथ ही देखने को मिलता है. इससे यह साफ पता चलता है कि अपनी फिल्मों के मुश्किल सीन्स को परफेक्ट बनाने के लिए रश्मिका सेट पर कितना ज्यादा शारीरिक तनाव झेल रही थीं.
चलेगा खास रिहैबिलिटेशन प्रोग्राम
डॉक्टरों ने रश्मिका को एक बेहद स्पेशल रिहैबिलिटेशन प्रोग्राम से गुजरने की हिदायत दी है. इसका मकसद यह है कि शूटिंग पर वापस लौटने से पहले उनके टेंडन पूरी तरह और सही तरीके से जुड़ सकें. फिलहाल आने वाले कुछ हफ्तों तक उनका पूरा ध्यान सिर्फ आराम करने और डॉक्टरों की देखरेख में धीरे-धीरे रिकवर होने पर रहेगा.
सेट पर हुए इस हादसे और चोट को लेकर फिलहाल रश्मिका या उनकी टीम की तरफ से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. हालांकि, फैंस और पूरी फिल्म इंडस्ट्री इस वक्त यही उम्मीद कर रही है कि रश्मिका जल्द से जल्द ठीक होकर दोबारा सेट पर वापसी करेंगी.
रश्मिका मंदाना का वर्कफ्रंट
अगर रश्मिका के वर्कफ्रंट की बात करें, तो एक्टर विजय देवरकोंडा से शादी के बाद उन्होंने हाल ही में अपनी नई फिल्म 'म्यसा' की शूटिंग दोबारा शुरू की थी. अनफॉर्मूला फिल्म्स के बैनर तले बन रही इस एक्शन-थ्रिलर फिल्म के सेट से रश्मिका ने खुद भी एक झलक अपने फैंस के साथ शेयर की थी.
वहीं इसी साल रिपब्लिक डे के मौके पर रश्मिका और उनके पति विजय देवरकोंडा की एक और बड़ी फिल्म 'रणबाली' का टाइटल और इसकी वर्ल्डवाइड रिलीज डेट का धमाकेदार ऐलान किया गया था. डायरेक्टर राहुल सांकृतियन की इस फिल्म में विजय और रश्मिका लीड रोल में नजर आएंगे. यह फिल्म 11 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.