नए शुक्रवार के साथ नई फिल्मों की पूरी नई खेप बॉक्स ऑफिस पर जोर आजमाने के लिए तैयार है. मगर दिलचस्प यह है कि इस बार भी बॉलीवुड को हॉलीवुड से कड़ी टक्कर मिलने जा रही है. जहां बॉलीवुड से चार चर्चित फिल्में रिलीज के लिए लाइन में हैं, वहीं हॉलीवुड से तीन फिल्में भी कतार में हैं. लेकिन बड़ा सवाल एक ही है, क्या इन 7 फिल्मों में से कोई भी 'भूत बंगला' के बाद से सूने पड़े बॉक्स ऑफिस पर कुछ धमाका कर पाएगी?
इस शुक्रवार बॉलीवुड से आ रही सबसे चर्चित फिल्म इम्तियाज अली की 'मैं वापस आऊंगा' है. दिलजीत दोसांझ, नसीरुद्दीन शाह, वेदांत रैना और शरवरी स्टारर यह लव स्टोरी भारत-पाकिस्तान के बंटवारे के बैकग्राउंड पर बेस्ड है. इसके ट्रेलर को बहुत पॉजिटिव रिस्पॉन्स मिला था और फिल्म के रिव्यूज भी बहुत अच्छे आ रहे हैं. AajTak.In के रिव्यू में इसे इम्तियाज अली की बेस्ट फिल्म बताया गया है. अगर यह लव स्टोरी ऑडियंस के साथ कनेक्ट कर गई, तो बड़ा सरप्राइज ला सकती है.
इसी शुक्रवार आ रही मनोज बाजपेयी की 'गवर्नर' 1991 के आर्थिक क्राइसिस पर है. उस दौर में रुपये का गिरना, खाड़ी के युद्ध के चलते पेट्रोलियम प्रोडक्ट्स का महंगा होना जैसी चीजों से भारत पर बड़ा आर्थिक संकट खड़ा हुआ था. यह स्थिति बहुत आज जैसी ही लगती है. दूसरी तरफ कंगना रनौत की 'भारत भाग्य विधाता' भी आ रही है जो मुंबई के 26/11 हमले पर बेस्ड एक दमदार ह्यूमन स्टोरी लग रही है. कंगना इस फिल्म में पॉलिटिकल रंग से बहुत दूर एक हॉस्पिटल नर्स का किरदार निभा रही हैं और ट्रेलर में उनका काम लोगों को पसंद आया है.
शुक्रवार को बॉलीवुड की चौथी रिलीज 'हॉन्टेड 3डी' (2011) का सीक्वल है. लेकिन यह बहुत कम स्क्रीन्स के साथ लिमिटेड रिलीज पर रिलीज होने वाली फिल्म है इसलिए इससे बहुत उम्मीदें भी नहीं की जा सकतीं.
दुनिया के सबसे बड़े फिल्ममेकर्स में से एक स्टीवन स्पीलबर्ग की नई फिल्म 'डिस्क्लोज़र डे' इस शुक्रवार को रिलीज हो रही है. यह फिल्म 'एलियंस का सबसे बड़ा सच' उजागर करने की टैगलाइन से आ रही है और दुनिया भर में यह मुद्दा आजकल बहुत गर्म है. उधर अमेरिका ने भी ऑफिशियली UFO और एलियंस से जुड़ा डेटा सार्वजनिक करना शुरू कर दिया है. ऐसे में 'डिस्क्लोज़र डे' का क्रेज इंडिया में भी काफी है.
बीते दो हफ्तों से थिएटर्स में धमाल मचा रही हॉलीवुड हॉरर फिल्म 'ऑब्सेशन' अभी भी हर रोज अपनी ओपनिंग से डबल कमाई कर रही है. इसी की तरह नए फिल्ममेकर की खूब तारीफ पाने वाली चर्चित हॉरर फिल्म 'बैकरूम्स' इस शुक्रवार को रिलीज हो रही है. इसके प्रमोशनल कंटेंट पर इंडियन फैंस का रिस्पॉन्स बहुत पॉजिटिव रहा है. एक तरफ एलियन और दूसरी तरफ साइकोलॉजिकल हॉरर के बीच हॉलीवुड की आइकॉनिक हॉरर-कॉमेडी फ्रेंचाइजी 'स्केरी मूवी' का छठा पार्ट भी इस शुक्रवार आ रहा है.
मार्च से अभी तक हॉलीवुड की करीब आधा दर्जन फिल्में इंडिया में हिट हो चुकी हैं. लिमिटेड स्क्रीन्स के साथ शहरी मल्टीप्लेक्स थिएटर्स में टारगेट रिलीज में हिट होतीं इन हॉलीवुड फिल्मों ने इंडियन थिएटर्स को बहुत ज्यादा राहत दी है. मगर इनसे 100 करोड़+ वाले धमाकेदार कलेक्शन नहीं आते, क्योंकि रिलीज लिमिटेड होती है. जबकि दूसरी तरफ बॉलीवुड ने 17 अप्रैल को रिलीज हुई अक्षय कुमार की फिल्म 'भूत बंगला' के बाद से एक अदद हिट नहीं दी है. ऐसे में इस शुक्रवार आ रहे फिल्मों के ढेर पर बॉक्स ऑफिस की नजर लगी है. देखना है कि क्या कमाल होता है.