साउथ और हिंदी सिनेमा दोनों जगह अपनी एक्टिंग का लोहा मनवा चुकीं एक्ट्रेस तमन्ना भाटिया ने हाल ही में फिल्म इंडस्ट्री के काम करने के तरीके और एक्ट्रेसेस को मिलने वाले रोल्स पर बेबाक राय रखी है. तमन्ना का मानना है कि हिंदी सिनेमा एक्टर्स को अपनी पसंद के हिसाब से प्रयोग करने का एक बेहतरीन स्पेस देता है, जबकि साउथ इंडस्ट्री में कामर्शियल स्तर पर अपनी जगह बनाए रखने के लिए कुछ खास पैमानों और स्टार क्वालिटी पर ज्यादा जोर दिया जाता है.
Forbes को दिए इंटरव्यू में तमन्ना भाटिया ने कहा, 'हिंदी सिनेमा कलाकारों को यह सहूलियत देता है कि वे तय कर सकें कि उन्हें किस तरह का काम करना है. यहां ऐसे कलाकारों के लिए भी काफी संभावनाएं हैं जो पारंपरिक 'गाना-और-डांस' वाले फॉर्मेट में फिट नहीं बैठते या उसमें बहुत सहज नहीं हैं. जब ऐसे एक्टर्स कैरेक्टर-ओरिएंटेड रोल्स निभाते हैं, तो उनकी एक्टिंग निखरकर सामने आती है और दर्शक उसे सराहाते भी हैं.
तमन्ना भाटिया ने क्या कहा?
अपने एक्सपीरियंस को शेयर करते हुए तमन्ना ने बताया कि जब उन्होंने साउथ इंडियन फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा, तब उन्हें वहां के काम करने के नजरिए की समझ आई. लोग इसे 'पुरुष-प्रधान सोच' या एक खास दृष्टिकोण का नाम दे सकते हैं, लेकिन कामर्शियल फिल्मों में सफल होने के लिए वहां एक अलग तरह की स्टार क्वालिटी और स्क्रीन प्रेजेंस की जरूरत होती है.
तमन्ना ने साफ किया कि यह उनका अपना पर्सनल एक्सपीरियंस है, जो हर किसी के लिए अलग हो सकता है. हालांकि, जो एक्ट्रेसेस 10 से 15 सालों से इंडस्ट्री में टिकी हुई हैं, उन्हें अपनी पहचान बनाए रखने के लिए परफॉर्मेंस-ओरिएंटेड रोल्स और कामर्शियल डांस-सॉन्ग वाले रोल्स के बीच एक संतुलन बनाकर चलना पड़ता है.
तमन्ना भाटिया का ब्लॉकबस्टर सॉन्ग
बता दें कि एक्ट्रेस तमन्ना भाटिया ने कई बॉलीवुड फिल्मों में काम किया है. लेकिन फिल्म 'स्त्री 2' का आइटम सॉन्ग 'आज की रात' उनके करियर के सबसे ब्लॉकबस्टर गानों में से है. इस गाने को इतना पसंद किया जाता है कि अब तक भी लोग इसे लगातार सुन रहे हैं. यूट्यूब पर इस गाने ने रिकॉर्ड तोड़ व्यूज पा लिए हैं. 1 बिलियन से ज्यादा व्यू इस यूट्यूब पर मिल है.