scorecardresearch
 

14 साल पुराना फार्मूला करेगा बोर या रंग दिखाएगा सीक्वल फैक्टर... 'कॉकटेल 2' करेगी असर ?

शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना स्टारर फिल्म कॉकटेल 2 शुक्रवार, 19 जून को थिएटर्स में रिलीज के लिए तैयार है. साल 2012 में आई सैफ अली खान, दीपिका पादुकोण और डायना पेंटी की आइकॉनिक फिल्म कॉकटेल की यह एक स्पिरिचुअल सीक्वल है. फिल्म के ट्रेलर और गानों पर तो पॉजिटिव रिस्पॉन्स है, मगर कुछ शिकायतें भी हैं.

Advertisement
X
क्या जनता को भाएगी 'कॉकटेल 2'? (Photo: ITGD)
क्या जनता को भाएगी 'कॉकटेल 2'? (Photo: ITGD)

शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना की फिल्म कॉकटेल 2 को जनता के सामने पहुंचने में बस कुछ घंटे बचे हैं. पिछले कुछ दिनों से दमदार प्रमोशन में जुटी इस तिकड़ी के लिए एक बड़ा टेस्ट इंतजार कर रहा है. इनकी फिल्म 2012 में आई कॉकटेल का स्पिरिचुअल सीक्वल है, यानी इस बार मामला पिछली फिल्म से आगे नहीं बढ़ने वाला बल्कि यह उसी थीम पर एक नई कहानी है. 14 साल बाद आ रहे सीक्वल कॉकटेल 2 के सामने अपने चैलेंज हैं और नजरें इस बात पर हैं कि यह फिल्म पहले वाला कमाल दोहरा पाएगी या नहीं?

क्यों आइकॉनिक थी 'कॉकटेल'?

14 साल पहले आई कॉकटेल अपने दौर के यूथ, उनके लाइफस्टाइल, रिलेशनशिप फंडों और उनके 'कूल' को दिखाने वाली फिल्म थी. कॉकटेल 2 के सामने सबसे बड़ा चैलेंज यही है. बॉलीवुड से मॉडर्न रिलेशनशिप्स और फ्रेंडशिप के ट्विस्ट दिखाने वाली अच्छी मॉडर्न-अर्बन फिल्म आए लंबा वक्त हो चुका है, जबकि एक समय बॉलीवुड में यही स्टाइल सबसे ज्यादा पॉपुलर था और कॉकटेल इस स्टाइल की आइकॉनिक फिल्मों में से एक थी.

डायरेक्टर होमी अदजानिया के साथ-साथ राइटर इम्तियाज अली का जादू भी इसमें शामिल था, जो खुद रिलेशनशिप्स पर सबसे दमदार कहानियां बनाने वाले फिल्ममेकर हैं. कॉकटेल की कास्ट में सैफ अली खान, दीपिका पादुकोण और डायना पेंटी की परफॉर्मेंस ने दर्शकों को सीट्स से चिपका कर रखा था. साथ में प्रीतम ने फिल्म को ऐसा तगड़ा एल्बम दिया था जिसके सारे गाने आज भी 'कूल' की कैटेगरी में आते हैं. कॉकटेल 2 को इन सारी उम्मीदों पर खरा उतरना होगा.

Advertisement

कॉकटेल 2 के बारे में सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा शिकायत एक ही चीज की हो रही है— ओरिजिनल फिल्म का मैजिक दोहराने की कोशिश. दीपिका पादुकोण की तरह फिल्म की ग्लैमरस साइड पर कृति हैं. कमिटमेंट को लेकर कन्फ्यूज लड़के के रोल में सैफ की जगह शाहिद हैं. ट्रेडिशनल वैल्यूज वाला मामला डायना की जगह इस बार रश्मिका संभाल रही हैं. एक लड़के को लेकर दो लड़कियों में कॉम्पिटिशन वाला एंगल भी वैसा ही है.

कृति के किरदार के साथ कॉकटेल 2 में वही हो रहा है, जो पहली फिल्म में दीपिका के साथ हुआ था— ओपन रिलेशनशिप में दूसरी लड़की के साथ अपने पार्टनर को देखने के बाद अपने असली प्यार का एहसास. यानी सब मिलाकर मामला पहले जैसा ही है, बस एक्टर्स नए लग रहे हैं. गानों का स्टाइल और डिजाइन पहली फिल्म जैसा ही लग रहा है. कॉकटेल 2 के डायरेक्टर भी ओरिजिनल फिल्म वाले होमी अदजानिया ही हैं. इसलिए हो सकता है कि इस बार उन्होंने कहानी को कोई नया ट्विस्ट दिया हो, जो फिल्म देखने पर पता चले. यही एक चीज कॉकटेल 2 को कुछ एक्साइटिंग बना सकती है.

क्या हिट होगी शाहिद-कृति-रश्मिका की तिकड़ी?

पॉजिटिव बात यह है कि रश्मिका और कृति दोनों यंग ऑडियंस में बहुत पॉपुलर हैं, जो कॉकटेल 2 को फायदा दिला सकता है. शाहिद को रोमांटिक कॉमेडी तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया (2024) में काफी पसंद किया गया था और वह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर भी कामयाब थी. लेकिन फिर शाहिद ने एक्शन अवतार में देवा और ओ रोमियो जैसी फ्लॉप फिल्में भी दे दीं. शायद उनका फिर से अर्बन हीरो अवतार में लौटना भी यंग ऑडियंस को पसंद आ सकता है.

Advertisement

ऐसे में शाहिद-रश्मिका-कृति की तिकड़ी कॉकटेल 2 को चलाने वाली सबसे बड़ी वजह बन जाती है. फिल्म के ट्रेलर और गानों की वाइब को यूथ में पसंद किया जा रहा है, जो इसकी बॉक्स ऑफिस सक्सेस का हिंट हो सकता है. एक और बड़ा फैक्टर है राइटिंग की जिम्मेदारी लव रंजन और तरुण जैन के पास होना.

प्यार का punchनामा और दे दे प्यार दे सीरीज की दोनों फिल्मों पर काम कर चुकी यह जोड़ी अर्बन कॉमेडी और सिचुएशंस लिखने में दमदार साबित हुई है. अगर ये कॉकटेल 2 में ओरिजिनल फिल्म की तरह रिलेशनशिप और प्यार को कुछ नया ट्विस्ट दे पाए, तो फिल्म का भला होगा. और अगर ऐसा हुआ तो शुक्रवार, 19 जून को कॉकटेल 2 बॉक्स ऑफिस पर भी सरप्राइज कर सकती है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement