बॉलीवुड के अगले सुपरस्टार माने जा रहे रणबीर कपूर इन दिनों भगवान राम की भूमिका निभाने के लिए लाइमलाइट में हैं. वो डायरेक्टर नितेश तिवारी फिल्म रामायण में दिखेंगे, जो 4000 करोड़ रुपये की लागत से बनाई जा रही है. ये एक दो पार्ट में आने वाली फिल्म है, जिसका पहला पार्ट इसी साल दिवाली पर आएगा. अप्रैल में फिल्म की पहली झलक दिखाई गई, जिसमें रणबीर के लुक को रिवील किया गया.
रामायण फिल्म के टीजर को काफी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था. वीएफएक्स से तो लोगों को परेशानी हुई ही, साथ ही रणबीर पर भी कई सवाल उठे. फिल्म की झलक ने लोगों के मन में एक शक पैदा कर दिया है कि क्या रणबीर, भगवान राम की भूमिका के साथ पूरी तरह न्याय कर पाएंगे या नहीं. अगर हां, तो क्या वो उस लेवल का काम करेंगे जैसा रामानंद सागर की रामायण में एक्टर अरुण गोविल ने किया था.
क्या रणबीर भगवान राम बनकर करेंगे सबको इंप्रेस?
इन सभी अटकलों पर हाल ही में इम्तियाज अली ने रिएक्ट किया. डायरेक्टर ने रणबीर के साथ मिलकर दो सक्सेसफुल फिल्में- रॉकस्टार और तमाशा बनाई थी. इम्तियाज का मानना है कि रणबीर एक ऐसे एक्टर हैं, जो कुछ भी कर सकने में सक्षम हैं. ऐसे में उन्हें पूरा भरोसा है कि रामायण में भी वो काफी अच्छा काम करके दिखाएंगे.
फिल्मीबीट संग बातचीत में डायरेक्टर ने कहा- रणबीर का ग्राफ कुछ भी हो सकता है, वो बतौर एक्टर कुछ भी कर सकता है. उसे अलग-अलग चीजें ही करनी चाहिए. जब वो अलग चीजें करेगा, तो वैसा बन भी जाएगा. वो एक पूरा एक्टर है और मैं उम्मीद करता हूं कि वो अलग-अलग तरह के रोल्स करता रहे, हर टाइप का रोल करे. मैं बहुत खुश हूं कि वो रामायण में भगवान राम बना है.
'क्योंकि रणबीर राम के किरदार में एक तरह का असर और रियलिटी लेकर आएगा. ये एक बहुत अच्छी चीज होगी कि वो राम के किरदार को इंसानियत-पर्सनल तरीके से प्ले करे. मैं रामायण फिल्म में रणबीर को श्री राम के रोल में देखने के लिए बहुत उत्सुक हूं. लेकिन ये रणबीर के लिए भी काफी फायदा होने वाला है क्योंकि वो वैसा एक्टर है जो अपने किरदार को खुद में ढाल लेता है. वो भगवान राम से काफी कुछ अपनी जिंदगी में साथ लेकर जाने वाला है.'
बात करें फिल्म रामायण की, तो इसे नमित मल्होत्रा प्रोड्यूस कर रहे हैं. इसमें साई पल्लवी, रवि दुबे, यश, सनी देओल, अरुण गोविल, लारा दत्ता, विवेक ओबेरॉय जैसे एक्टर्स शामिल हैं. फिलहाल फिल्म के दूसरे पार्ट की शूटिंग जारी है.