फिल्म रामायण को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह है. दशहरे के मौके पर मेकर्स ने फिल्म का दूसरा गाना ‘रावण तांडव’ रिलीज कर दिया है. इसमें साउथ सुपरस्टार यश रावण के दमदार अवतार में नजर आ रहे हैं. यश की इंटेंस एक्टिंग और तांडव के अंदाज की तो लोग तारीफ कर रहे हैं, लेकिन गाने का म्यूजिक सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है. कई लोगों को उम्मीद थी कि यह गाना जोश और एनर्जी से भरपूर होगा, लेकिन कुछ दर्शकों को एआर रहमान का संगीत फीका लगा. अब सोशल मीडिया पर उनके म्यूजिक को लेकर सवाल उठने लगे हैं.
यश के रौद्र रूप ने जीता दिल, लेकिन म्यूजिक पर उठे सवाल
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही रामायण के इस गाने की लंबाई 1 मिनट 55 सेकंड है. वीडियो में रावण की भगवान शिव के प्रति भक्ति दिखाई गई है और इसे शिव तांडव स्तोत्र पर तैयार किया गया है. गाने की शुरुआत में रावण खंजर से अपनी हथेली काटता है और माथे पर त्रिपुंड तिलक लगाता है. इसके बाद वह भगवान शिव की विशाल प्रतिमा के सामने आरती करता है और फिर तांडव करता नजर आता है.
वीडियो में यश का रौद्र रूप, दमदार अंदाज और तांडव की कोरियोग्राफी देखने को मिलती है. उनके लुक और परफॉर्मेंस को कई दर्शकों ने पसंद किया है. हालांकि, गाने का संगीत कुछ लोगों की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा.
एआर रहमान को लेकर सोशल मीडिया पर क्या बोले लोग?
‘रावण तांडव’ के हिंदी वर्जन के बोल डॉ. कुमार विश्वास ने लिखे हैं, संगीत एआर रहमान ने तैयार किया है और इसे विशाल ददलानी ने आवाज दी है. गाना रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर लोगों ने अपनी प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दीं. कुछ यूजर्स ने रहमान को इस फिल्म के लिए गलत चुनाव बताया, तो कुछ ने यहां तक कह दिया कि सीक्वल में उनकी जगह किसी दूसरे म्यूजिक कंपोजर को मौका देना चाहिए.
एक यूजर ने लिखा- एआर रहमान इस फिल्म के लिए सही चुनाव नहीं हैं. वहीं, दूसरे ने संगीत को निराशाजनक बताते हुए कहा कि उन्हें चुनना एक गलती थी. एक अन्य यूजर ने मेकर्स से अपील की कि अभी भी देर नहीं हुई है और दूसरे पार्ट में म्यूजिक कंपोजर बदलने पर विचार करना चाहिए. कुछ लोगों ने सीक्वल के लिए म्यूजिक कंपोजर जोड़ी अजय-अतुल का नाम भी सुझाया.
एआर रहमान के साथ काम कर रहे हैं हंस जिमर
रामायण के म्यूजिक को खास बनाने के लिए एआर रहमान जर्मन कंपोजर हंस जिमर के साथ काम कर रहे हैं. हंस जिमर द लॉयन किंग, ग्लैडिएटर और ड्यून जैसी फिल्मों के संगीत के लिए जाने जाते हैं. इस प्रोजेक्ट के जरिए वह भारतीय सिनेमा में डेब्यू कर रहे हैं. ऐसे में फिल्म के संगीत को लेकर दर्शकों की उम्मीदें काफी ऊंची हैं.
4000 करोड़ रुपये के बजट में बन रही है ‘रामायण’
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही रामायण को भारतीय सिनेमा के बड़े प्रोजेक्ट्स में से एक माना जा रहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के दोनों पार्ट्स का कुल बजट करीब 4000 करोड़ रुपये है. वाल्मीकि की रामायण पर आधारित इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल भगवान हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे.
फिल्म में अरुण गोविल, रकुल प्रीत सिंह, लारा दत्ता और विवेक ओबेरॉय समेत कई कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं. नमित मल्होत्रा और यश इस फिल्म को प्रोड्यूस कर रहे हैं. फिल्म दो हिस्सों में रिलीज होगी और इसका पहला पार्ट 5 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में आने वाला है.
अब देखना होगा कि ‘रावण तांडव’ को लेकर सोशल मीडिया पर हो रही इस बहस का फिल्म के म्यूजिक को लेकर दर्शकों की उम्मीदों पर कितना असर पड़ता है. फिलहाल, यश के रावण अवतार की तारीफ के साथ एआर रहमान के संगीत पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं चर्चा में हैं.