scorecardresearch
 

Dada First Look Out: 'अरे दादा, क्या देख ल‍िया', सौरव गांगुली की फ‍िल्म का पोस्टर देखकर बोले ट्रोल्स

सौरव गांगुली की बायोपिक 'दादा' का पहला पोस्टर रिलीज हो गया है. फिल्म में राजकुमार राव क्रिकेटर के आइकॉनिक लुक में नजर आए हैं, लेकिन फर्स्ट लुक सामने आते ही सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग भी शुरू हो गई.

Advertisement
X
दादा से राजकुमार राव का फर्स्ट लुक जारी (Photo: Screengrab)
दादा से राजकुमार राव का फर्स्ट लुक जारी (Photo: Screengrab)

भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तानों में गिने जाने वाले सौरव गांगुली की जिंदगी अब बड़े पर्दे पर दिखाई जाएगी. उनकी बायोपिक 'दादा' का पहला पोस्टर रिलीज कर दिया गया है. पोस्टर में राजकुमार राव बिल्कुल सौरव गांगुली के सबसे आइकॉनिक अंदाज में नजर आ रहे हैं. हालांकि, पोस्टर सामने आते ही सोशल मीडिया पर तारीफ के साथ-साथ ट्रोलिंग भी शुरू हो गई है.

सामने आया राजकुमार राव का फर्स्ट लुक

फिल्म के पहले पोस्टर में राजकुमार राव लॉर्ड्स की बालकनी में खड़े नजर आ रहे हैं. उन्होंने नीले रंग की क्रिकेट ट्राउजर पहनी हुई है और हाथ में टीम इंडिया की जर्सी लहराते दिखाई दे रहे हैं. ये वही ऐतिहासिक पल है, जब साल 2002 में नेटवेस्ट ट्रॉफी जीतने के बाद सौरव गांगुली ने लॉर्ड्स की बालकनी में टी-शर्ट उतारकर लहराई थी. यही पल उनकी पहचान बन गया था.

पोस्टर पर फिल्म का नाम 'दादा' लिखा है. साथ ही टैगलाइन दी गई है- उन्होंने सिर्फ खेला नहीं, खेल को बदल दिया. पोस्टर के मुताबिक फिल्म 14 मई 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.

फिल्म को लेकर क्या है खास?

'दादा' सौरव गांगुली की जिंदगी पर बेस्ड बायोपिक है. फिल्म में उनके बचपन से लेकर भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान बनने, टीम इंडिया को नई पहचान दिलाने और क्रिकेट इतिहास के यादगार पलों को बड़े पर्दे पर दिखाया जाएगा.

Advertisement

इस फिल्म में राजकुमार राव पहली बार किसी क्रिकेटर का किरदार निभाते नजर आएंगे. माना जा रहा है कि रोल के लिए उन्होंने अपने लुक और बॉडी लैंग्वेज पर खास मेहनत की है.

पोस्टर आते ही शुरू हुई ट्रोलिंग

जहां कई फैंस राजकुमार राव के लुक को लेकर एक्साइटेड नजर आए, वहीं सोशल मीडिया का एक बड़ा वर्ग उन्हें इस रोल के लिए मिसफिट बता रहा है. एक यूजर ने लिखा- ये क्या मजाक है. चैट जीपीटी इससे अच्छा एडिट कर देता. दूसरे ने कमेंट किया- नहीं भाई, इस रोल में कोई और डिजर्व करता था, आप नहीं. एक और यूजर ने लिखा- ये फोटोशॉप लग रहा है, क्या सच में पोस्टर है?

वहीं एक और ने कहा- राजकुमार राव अपने किरदार में बुरे नहीं हैं, लेकिन इस रोल के लिए बिल्कुल मैच नहीं कर रहे. साथ ही कई यूजर्स ने इस पोस्टर को रिमूव तक करने की मांग कर डाली. ये कहते हुए कि लग रहा है जैसे पोस्टर बनाने वाले ने कल रात ही फोटोशॉप सीखी हो. हालांकि, कई फैंस का मानना है कि सिर्फ पोस्टर देखकर किसी एक्टर को जज करना जल्दबाजी होगी. अब सभी की नजर फिल्म के टीजर और राजकुमार राव के ट्रांसफॉर्मेशन पर टिकी है.

Advertisement

सौरव गांगुली की जिंदगी पर बनने वाली 'दादा' का ऐलान होते ही फिल्म सुर्खियों में आ गई है. अब देखना दिलचस्प होगा कि राजकुमार राव पर्दे पर 'प्रिंस ऑफ कोलकाता' की शख्सियत को कितनी मजबूती से उतार पाते हैं. फिलहाल उनका पहला लुक इंटरनेट पर जबरदस्त चर्चा का विषय बना हुआ है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement