आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म 'धुरंधर 2' को दर्शकों का बेशुमार प्यार मिल रहा है. फिल्म ने वर्ल्डवाइड 1300 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन कर लिया है. फिल्म में एक्टर्स की एक्टिंग से लेकर डायरेक्शन तक की खूब तारीफ हो रही है. फिल्म के लीड हीरो रणवीर सिंह हैं, जिन्होंने अपने एक्शन से सबको क्लीन बोल्ड कर दिया है. दूसरी ओर जमील जमाली का किरदार निभाने वाले राकेश बेदी की भी काफी चर्चा है. राकेश बेदी के सिर्फ हिंदुस्तानी ही नहीं, बल्कि पाकिस्तानी भी मुरीद हो गए हैं. उनके के किरदार की तुलना पाकिस्तानी राजनेता नबील गबोल से हो रही है. नबील गबोल भी राकेश बेदी के गुणगान गाए बिना नहीं रह सके.
राकेश बेदी के फैन हुए नबील गबोल
कंटेंट क्रिएटर नवीन गिरी संग बातचीत में पाकिस्तानी नेता नबील गबोल ने राकेश बेदी के लिए प्यार भरा मैसेज शेयर किया. उन्होंने कहा कि वो एक कलाकार हैं. मैं उनसे कहना चाहता हूं कि हम दिखने में एक जैसे लग सकते हैं. हमारा दिल, खून, चेहरा सब एक जैसा हो सकता है. मैं पर्सनल नहीं होना चाहता हूं.
उन्होंने कहा कि राकेश बेदी को मेरा मैसेज देना. राकेश बेदी साहब अभिनेता के तौर पर मैं आपकी इज्जत करता हूं. मैं सीनियर एक्टर के तौर पर भी आपका सम्मान करता हूं. आई लव यू.
नबील गबोल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो देखने के बाद कई यूजर्स उनकी चुटकी लिए बिना नहीं रह पाए. एक ने कहा- सर इतना मत करिए पकड़े जाएंगे. दूसरे ने कहा कि असली एक्टिंग तो आप कर रहे हो 45 साल से. एक ने लिखा कि ये कंफर्म है कि इन्हें इंग्लिश आती है. अन्य ने लिखा कि सर RAW में सर्विस करने के लिए शुक्रिया. कई लोगों ने कहा कि बाकी लोग समझ गए होंगे कि आप क्या कहना चाह रहे हैं. नबील गबोल के वीडियो पर ऐसे मजेदार कमेंट्स की बाढ़ आ गई है.
राकेश बेदी की बात करें, तो उन्होंने अपने करियर की शुरूआत शॉर्ट फिल्म बोंगा से की थी. इसके बाद उन्हें कई हिंदी मूवीज में देखा गया. फिल्मों के बाद उन्होंने टेलीविजन पर दस्तक दी. सालों की मेहनत के बाद उन्हें आज वो पहचान मिली, जिसके वो असली हकदार थे.