
फिल्ममेकर आदित्य धर ने जो कमाल अपनी फिल्म 'धुरंधर' से कर दिया है, उसकी चर्चा अभी तक लगातार हो रही है. फिल्म का दूसरा पार्ट भी कुछ ही दिनों में आ रहा है, मगर फैंस के सिर से पहले पार्ट का खुमार नहीं उतरा है. लोग इसे बार-बार देख रहे हैं, ताकि वो आदित्य धर की 'पीक डिटेलिंग' नोट कर सकें.
कैसे फेल हुई 'पीक डिटेलिंग'?
'धुरंधर 2' की रिलीज नजदीक है, ऐसे में मेकर्स ने वर्ल्डवाइड इसे री-रिलीज करने का फैसला लिया है. मगर इस बीच इंडिया में मौजूद इसके फैंस फिल्म में हुईं कुछ बड़ी गलतियों को नोटिस कर रहे हैं. उन्हें आदित्य धर 'पीक डिटेलिंग' में भारी ब्लंडर नजर आया, जिसपर वो मेकर्स को ट्रोल भी कर रहे हैं.
दरअसल फिल्म के गाने 'गहरा हुआ' का एक सीन है जिसमें हमजा, येलिना को लेकर एक मॉल जाता है. अब फिल्म की कहानी पाकिस्तान के कराची में स्थित ल्यारी शहर की है. मगर एक यूजर ने इसमें दिखाए उस मॉल में एक बड़ी चूक नोटिस की. उनका कहना है कि ये मॉल कराची में नहीं, बल्कि मुंबई के मलाड वेस्ट में है जहां गाने को शूट किया गया है. यूजर्स का दावा है कि ये इनऑर्बिट मॉल है.
सोशल मीडिया पर मौजूद यूजर्स को इसी सीन में एक और चीज दिखी, जिससे उन्हें इस मॉल के पीछे की सच्चाई का पता चला. उन्होंने देखा कि मॉल में गणेश जी, भगवान बुद्ध और नटराज की मूर्ती रखी है, जो उनके मुताबिक शायद किसी पाकिस्तानी मॉल में नहीं होगी. लेकिन फिल्म के गाने में इसे दिखाया गया, जिससे वो काफी कंफ्यूज हो गए हैं.

शूट के वक्त हुआ ब्लंडर, फैंस ने किया ट्रोल
आदित्य धर जो अपनी 'पीक डिटेलिंग' के लिए सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, उन्हें इस बड़े ब्लंडर के लिए भी ट्रोल किया जा रहा है. हालांकि कई लोग उनमें से ऐसे भी हैं, जो फिल्ममेकर के सपोर्ट में आगे आए हैं. उनका कहना है कि इतने बड़े प्रोडक्शन में कभी-कभी ऐसी गलतियां हो जाती हैं.
वैसे 'धुरंधर' की पूरी शूटिंग बैंकॉक, पंजाब, लद्दाख और मुंबई में हुई है. इस फिल्म को पाकिस्तान में कहीं भी शूट नहीं किया गया है. आदित्य धर ने अपनी फिल्म में ल्यारी शहर का पूरा सेट बैंकॉक में खड़ा कराया. वहीं बाकी शूटिंग अलग-अलग जगहों में की गई. 'धुरंधर 2' के भी कुछ एक्सट्रा सीन्स मुंबई में ही शूट हुए, जिसकी फोटोज-वीडियोज भी लीक हुई थीं.
बात करें 'धुरंधर: द रिवेंज' की, तो ये 19 मार्च को थिएटर्स में पूरी तरह रिलीज होने से पहले 18 मार्च को पेड-प्रीव्यू के लिए तैयार है. फिल्म का एडवांस कलेक्शन अभी से रिकॉर्ड्स भी तोड़ रहा है. माना जा रहा है कि फिल्म ने अभी तक 20 करोड़ की कमाई कर ली है. अभी इसे रिलीज होने में लगभग एक हफ्ते का समय बाकी है.