टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले से हर कोई हैरान और परेशान है. बॉलीवुड इंडस्ट्री में भी इस समय खौफ का माहौल है.आम जनता से लेकर सितारे तक टाइगर की सुरक्षा को लेकर चिंता में हैं. मुश्किल समय में बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर राकेश बेदी ने टाइगर का हौसला बढ़ाया है.
टाइगर के सपोर्ट में आगे आए राकेश बेदी
टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग को लेकर राकेश बेदी ने इंडिया टुडे/ आजतक से खास बातचीत में कहा कि इस घटना के बाद बॉलीवुड में डर का माहौल है. उन्होंने कहा कि वीडियो देखकर उन्हें लगता है कि हमलावरों का मकसद डर पैदा करना था. राकेश बेदी बोले- फियर तो होगा ही ना और माना कि ऐसी घटनाओं से फिल्म इंडस्ट्री के लोगों में अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ेगी.
जैकी श्रॉफ से अपनी पुरानी दोस्ती का जिक्र करते हुए राकेश बेदी ने कहा- मैं उन्हें 40-45 सालों से जानता हूं. लेकिन टाइगर के बारे में उन्होंने कहा कि उनसे ज्यादा बातचीत नहीं हुई है. मगर वो अपना काम करने वाले प्यारे बच्चे हैं, उनकी बड़ी फॉलोइंग है और बच्चे उन्हें बहुत पसंद करते हैं.
राकेश बेदी ने टाइगर को खास मैसेज भी दिया. राकेश बेदी टाइगर से बोले- तू मेरा टाइगर, तू बच गया..मैं बहुत खुश हूं. लेकिन आगे से ख्याल रख.
कब हुआ टाइगर ुपर हमला?
बीती देर रात एक्टर टाइगर श्रॉफ जब अपने किसी निजी काम को निपटाकर अपनी कार से लौट रहे थे, तभी हमलावरों ने अचानक उनकी गाड़ी को निशाना बना लिया. बदमाशों ने बिना कोई मौका दिए ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. गनीमत यह रही कि इस जानलेवा हमले में टाइगर श्रॉफ की जान बाल-बाल बच गई. हालांकि, इस दौरान उन्हें मामूली चोटें जरूर आईं. इस अचानक हुए हमले के बाद से न सिर्फ टाइगर के फैंस और करीबी, बल्कि पूरी फिल्म इंडस्ट्री में सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता और खौफ का माहौल बना हुआ है.