पश्चिम बंगाल में दो चरणों के लिए होने वाली वोटिंग की तारीखें अब बेहद करीब हैं. राज्य में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होना है, लेकिन इससे ठीक पहले चुनाव आयोग ने एक बड़ा अपडेट जारी किया है. आयोग के मुताबिक, बंगाल की फाइनल वोटर लिस्ट में करीब 7 लाख नए वोटरों के नाम जुड़ गए हैं. इस अपडेट के बाद राज्य में कुल वोटरों की संख्या बढ़कर 6,82,51,008 हो गई है.
चुनाव आयोग ने इन 7 लाख नए वोटरों का कुल आंकड़ा तो जारी कर दिया है, लेकिन उनकी पूरी प्रोफाइल की जानकारी साझा नहीं की है. आयोग ने अभी तक यह नहीं बताया है कि इनमें कितनी महिलाएं हैं और कितने पुरुष हैं. इसके अलावा सबसे अहम जानकारी यानी पहली बार वोट डालने वाले 18 साल के युवाओं की संख्या भी सामने नहीं आई है.
दो चरणों में बंटेंगे नए वोटर
आंकड़ों को देखें तो इन नए वोटरों को मतदान के चरणों के हिसाब से बांटा गया है. इनमें से करीब 3.22 लाख लोग 23 अप्रैल को होने वाले पहले चरण के चुनाव में हिस्सा लेंगे. वहीं, बाकी बचे करीब 3.88 लाख लोग 29 अप्रैल को दूसरे चरण की वोटिंग के दौरान अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, चुनाव आयोग के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि नियमों के तहत कुल आंकड़ा जारी कर दिया गया है, लेकिन उम्र और जेंडर का विस्तृत डेटा अभी अलग रखा गया है, जिसे बाद में साझा किया जा सकता है.
प्रशासन की ओर से फॉर्म-6 के तहत मिले आवेदनों को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है. यह नहीं बताया गया है कि कुल कितने आवेदन मिले थे और उनमें से कितने स्वीकार या अस्वीकार किए गए. इसके अलावा यह संकेत भी दिया गया है कि अगर ट्रिब्यूनल की तरफ से कोई आदेश आता है, तो कुल वोटरों की संख्या में अभी और बदलाव हो सकता है. अब देखना यह होगा कि वोटिंग से ऐन पहले जुड़े ये 7 लाख वोटर बंगाल चुनाव के नतीजों पर क्या असर डालते हैं.