उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले अयोध्या सीट को लेकर सियासत तेज हो गई है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के बीच शुरू हुई चुनावी चुनौती में अब मंत्री ओम प्रकाश राजभर भी कूद पड़े हैं. उन्होंने अखिलेश यादव से अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती स्वीकार करने को कहा है. राजभर ने कहा कि योगी आदित्यनाथ अयोध्या से चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं. अगर अखिलेश यादव में राजनीतिक समझ है, तो उन्हें भी मैदान में उतरना चाहिए.
दरअसल, अयोध्या दौरे पर अखिलेश यादव ने सीएम योगी को अयोध्या से विधानसभा चुनाव लड़ने की चुनौती दी थी. सपा सुप्रीमो के इस चैलेंज पर अब बीजेपी के नेताओ की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.
अंबेडकर नगर में यूपी मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि योगी जी ने अखिलेश यादव की चुनौती स्वीकार कर ली है. अब अखिलेश को आगे आकर उनके खिलाफ नामांकन करना चाहिए. अगर उन्हें अयोध्या से चुनाव लड़ने में डर लगता है, तो वे जहूराबाद आ जाएं. राजभर ने कहा कि वहां अखिलेश को एनडीए गठबंधन की ताकत और अपनी राजनीतिक स्थिति का अंदाजा लग जाएगा.
अखिलेश ने CM योगी को क्यों दी थी चुनौती?
दरअसल, इस पूरे विवाद की शुरुआत 8 अक्टूबर को हुई थी. अखिलेश यादव अयोध्या दौरे पर पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा था कि पार्टी अयोध्या से उम्मीदवार तय नहीं कर पा रही है. समाजवादी पार्टी ने इस सीट से तेज नारायण पांडेय उर्फ पवन पांडेय को उम्मीदवार घोषित किया है.
अखिलेश ने कहा था कि अगर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अपनी जीत का इतना भरोसा है, तो उन्हें खुद अयोध्या से चुनाव लड़ना चाहिए. उनका कहना था कि सपा ने अपना उम्मीदवार पहले ही घोषित कर दिया है. इसके बाद अयोध्या सीट को लेकर दोनों दलों के बीच बयानबाजी तेज हो गई.
अखिलेश की चुनौती पर योगी आदित्यनाथ ने 10 अक्टूबर को बलरामपुर की जनसभा में जवाब दिया. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव अयोध्या से अपना नामांकन दाखिल करें. वह भी अपना नामांकन दाखिल करेंगे. योगी ने दोनों नेताओं के बीच सीधा मुकाबला करने की चुनौती दी.
यह भी पढ़ें: 'मैं अयोध्या से लड़ने को तैयार, आप भी नामांकन कीजिए...', सीएम योगी को मंजूर अखिलेश का चैलेंज
योगी ने अयोध्या को आस्था और विकास की भूमि बताया. उन्होंने कहा कि वह अयोध्या राजनीति के लिए नहीं, बल्कि विकास के लिए जाते हैं. इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा.
बीजेपी ने भी अखिलेश को घेरा
CM योगी के जवाब के बाद बीजेपी प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने अखिलेश यादव पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि अखिलेश ने योगी को चुनौती देकर खुद को मुश्किल में डाल लिया है. अब उन्हें तय करना चाहिए कि वह अयोध्या से चुनाव लड़ेंगे या अपने बयान के लिए माफी मांगेंगे.
अब ओम प्रकाश राजभर ने भी इसी मुद्दे पर अखिलेश को घेरा है. अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती ने यूपी की सियासत में नया विवाद खड़ा कर दिया है. हालांकि, अभी तक अखिलेश यादव के अयोध्या से चुनाव लड़ने की घोषणा नहीं हुई है. समाजवादी पार्टी ने इस सीट से पवन पांडेय को उम्मीदवार बनाया है.