तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव होने वाला है और इस बीच सियासी सरगर्मी तेज हो गई है. इस बीच तरह के दावे भी किए जा रहे हैं. अटकलें लगाई जा रही थीं कि भारतीय जनता पार्टी ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी 'तमिलगा वेत्री कड़गम' (TVK) को गठबंधन का प्रस्ताव दिया है. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, BJP ने विजय को उप मुख्यमंत्री पद और 80 सीटों की पेशकश की.
हालांकि, TVK के संयुक्त महासचिव सी.टी.आर. निर्मल कुमार ने इन खबरों को महज अफवाह बताया है.
पार्टी ने बयान जारी करते हुए कहा है कि बीजेपी उनकी वैचारिक दुश्मन है और गठबंधन की कोई गुंजाइश नहीं है.
विजय की पार्टी ने अफवाहों को किया खारिज
TVK के संयुक्त महासचिव सी.टी.आर. निर्मल कुमार ने कहा कि सोशल मीडिया और मीडिया प्लेटफॉर्म पर जानबूझकर गलत जानकारी फैलाई जा रही है. उन्होंने कहा कि BJP, AIADMK या वी.के. शशिकला जैसे नेताओं के साथ किसी भी स्तर पर कोई बातचीत नहीं हुई है.
विजय की पार्टी अपनी पहली विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रही है और कार्यकर्ताओं से अपील की गई है कि वे ऐसी अटकलों पर भरोसा न करें. पार्टी ने पहले ही अपनी विचारधारा साफ कर दी है, जिसमें बीजेपी को वैचारिक विरोधी माना गया है.
यह भी पढ़ें: अकेला शेर’... तमिलनाडु चुनाव में मल्टी पार्टी अलायंस के सामने ’234 विजय’ फॉर्मूला
विपक्ष पर साजिश रचने का आरोप
निर्मल कुमार ने इन अफवाहों के पीछे सत्तारूढ़ DMK का हाथ होने का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि DMK के सदस्य जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच भ्रम पैदा करने के लिए आधारहीन खबरें फैला रहे हैं.
इससे पहले भी TVK का नाम कांग्रेस के साथ जोड़ा गया था, जो बाद में गलत साबित हुआ. पार्टी नेतृत्व ने जिम्मेदार मीडिया संस्थानों से गुजारिश की है कि पुष्टि के ऐसी खबरें न साझा करें. TVK ने दोहराया है कि वे अपने दम पर चुनाव लड़ने और अपनी विचारधारा पर अडिग रहने के लिए प्रतिबद्ध हैं.