अभिनेता से नेता बने विजय ने तमिलनाडु चुनाव के लिए दाखिल अपने हलफनामे में 404.58 करोड़ रुपये की चल संपत्ति घोषित की है. हलफनामे के अनुसार, विजय की कुल चल संपत्ति 4,04,58,57,196 रुपये है, जिसका विस्तृत ब्योरा दस्तावेज में दिया गया है.
इसमें बैंक जमा, निवेश, वाहन और अन्य चल संपत्तियों का पूरा विवरण शामिल है. सूची में लग्ज़री गाड़ियों जैसे BMW 530, BMW i7, टोयोटा लेक्सस 350 और टोयोटा वेलफायर के अलावा अन्य ऑटोमोबाइल और दो-पहिया वाहन भी शामिल हैं.
दस्तावेज में कई वित्तीय वर्षों की आय का विवरण भी शामिल है. विजय ने 2024-25 में 184.53 करोड़ रुपये, 2023-24 में 105.69 करोड़ रुपये, 2022-23 में 198.71 करोड़ रुपये, 2021-22 में 237.46 करोड़ रुपये और 2020-21 में 8.04 करोड़ रुपये की आय घोषित की है.
इसके अलावा, हलफनामे के अनुसार विजय की पत्नी ने वित्तीय वर्ष 2020–21 के लिए 6 लाख 13,520 रुपये की आय घोषित की है.
चुनावी प्रक्रिया के तहत दाखिल इस हलफनामे में चल संपत्ति, आय के विवरण और वित्तीय होल्डिंग्स से जुड़ी व्यापक जानकारी दी गई है.
बता दें, विजय ने सोमवार को चेन्नई के पेरंबूर विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन दाखिल किया. इस दौरान उन्होंने लोगों से अपील की कि वे 23 अप्रैल को उनकी पार्टी TVK को मौका दें और ‘सीटी’ (whistle) चुनाव चिन्ह पर वोट करें.
डीएमके ने जारी किया घोषणा पत्र
तमिलनाडु में चुनावी माहौल तेज हो गया है और इस बीच डीएमके (DMK) ने रविवार को अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है. इसमें सबसे ज्यादा चर्चा महिलाओं के लिए 8000 रुपये के कूपन की हो रही है.
मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने इसको लेकर कहा कि अगर यह राशि सीधे नकद दी जाती है, तो उसके रोजमर्रा के छोटे-मोटे खर्चों में इस्तेमाल हो जाने की संभावना रहती है. उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि घर की महिलाओं को अपनी जरूरत और पसंद के अनुसार घरेलू सामान खरीदने की स्वतंत्रता मिले. इस कूपन के जरिए महिलाएं वॉशिंग मशीन, टीवी, फ्रिज या मिक्सी जैसे उपकरण खरीद सकेंगी.
(Input: Anagha)