उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन में सीट शेयरिंग पर बातचीत शुरू हो गई है. कांग्रेस ने करीब 170 सीटों की एक सूची समाजवादी पार्टी को सौंपी है. कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, इन सीटों का चयन पार्टी को जमीनी स्तर से मिले फीडबैक के आधार पर किया गया है.
कांग्रेस ने इन 170 सीटों को चार कैटेगरी- A, B, C और D में बांटा है. सूत्रों के मुताबिक, कैटेगरी A में शामिल सीटों पर कांग्रेस का रुख लगभग तय है और इन सीटों को लेकर पार्टी समझौते की गुंजाइश कम रख रही है. वहीं, कैटेगरी B की सीटों पर कुछ बदलाव की संभावना है. जबकि C और D कैटेगरी की सीटों को लेकर कांग्रेस बातचीत के लिए तैयार है.
कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि पार्टी किसी तय संख्या में सीटों पर अड़ी नहीं है. हालांकि, वह गठबंधन में सम्मानजनक हिस्सेदारी चाहती है. सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच अभी कई दौर की बातचीत होने की संभावना है. इसके बाद ही अंतिम समझौता हो सकेगा.
सीट शेयरिंग के लिए बन सकती है संयुक्त कमेटी
सूत्रों के मुताबिक, दोनों पार्टियों के नेताओं की एक संयुक्त कमेटी जल्द बनाई जा सकती है. यह कमेटी सीट शेयरिंग को लेकर दोनों दलों के बीच बातचीत करेगी. कमेटी के जरिए सीटों को लेकर दोनों पार्टियां अपनी-अपनी स्थिति और दावों पर चर्चा करेंगी.अंतिम तौर पर सपा और कांग्रेस कितनी सीटों पर साथ चुनाव लड़ेंगी, इसका फैसला आगे होने वाली बातचीत के बाद ही होगा. अभी सीटों की संख्या को लेकर अंतिम सहमति नहीं बनी है.
BJP को हराना दोनों दलों का साझा लक्ष्य
कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि बीजेपी को हराना दोनों पार्टियों का साझा लक्ष्य है. उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए दोनों दल जरूरी त्याग करने पर भी विचार करेंगे. यानी 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सपा और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत का दौर आगे बढ़ने वाला है. कांग्रेस की ओर से 170 सीटों की सूची दिए जाने के बाद अब आगे की बातचीत में इन सीटों पर दोनों दलों के बीच सहमति बनाने की कोशिश होगी.