scorecardresearch
 

गुजरात में कपास-मूंगफली के किसान बेहाल, सुरजेवाला ने BJP सरकार से मांगा जवाब

गुजरात विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने सौराष्ट्र क्षेत्र में अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं. कांग्रेस प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने सौराष्ट्र के कई जिलों में कम बारिश और बिजली संकट को लेकर बीजेपी सरकार की आलोचना की. उन्होंने किसानों के लिए मुआवजे की भी मांग की.

Advertisement
X
सुरजेवाला ने बीजेपी सरकार से गुजरात में सूखा घोषित करने की मांग की. (Photo- ITGD)
सुरजेवाला ने बीजेपी सरकार से गुजरात में सूखा घोषित करने की मांग की. (Photo- ITGD)

गुजरात विधानसभा चुनाव में भले ही अभी वक्त हो, लेकिन मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने अपनी सियासी जमीन मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है. इसी कड़ी में गुजरात कांग्रेस के प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने सौराष्ट्र के दौरे पर पहुंचकर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ एक अहम बैठक की.

सुरजेवाला ने कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों में जुटने का संदेश दिया. वहीं, बैठक से पहले एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए सुरजेवाला ने राज्य की बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा.

कांग्रेस प्रभारी रणदीप सुरजेवाला ने जामनगर, देवभूमि द्वारका, राजकोट और कच्छ जिलों में कम बारिश के कारण पैदा हुए गंभीर हालातों का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि इन जिलों में बारिश की कमी से किसानों की मुश्किलें काफी बढ़ गई हैं.

'सरकार सूखा घोषित करने से क्यों कतरा रही?'

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि जलाशयों में पानी का स्तर लगातार घट रहा है, जिसके कारण सिंचाई के लिए पूरी तरह नर्मदा के पानी पर निर्भर रहना पड़ रहा है. आजी और भादर बांधों में सिर्फ 50 प्रतिशत पानी ही शेष बचने का जिक्र करते हुए उन्होंने सवाल किया कि किसानों की इतनी बदतर हालत होने के बावजूद राज्य सरकार सूखा घोषित करने से क्यों कतरा रही है? 

Advertisement

उन्होंने मांग की कि फसल के नुकसान और कम बारिश से प्रभावित किसानों का तुरंत सर्वे कराया जाए. इसके साथ ही कपास और मूंगफली की फसल बर्बाद होने पर किसानों को बिना किसी देरी के उचित मुआवजा दिया जाए.

इसके अलावा, राज्य में चल रहे बिजली संकट को 'बीजेपी-निर्मित आपदा' करार देते हुए सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि सरकार निजी बिजली कंपनियों को फायदा पहुंचाने के लिए काम कर रही है. उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर दूसरे राज्यों से भी बिजली ली जा सकती है, लेकिन सरकार इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है.

पूर्व विधायक जेठाभाई सोलंकी की कांग्रेस में घर वापसी

सौराष्ट्र जोन की इस बैठक के दौरान कांग्रेस के लिए एक राहत भरी खबर भी सामने आई. कोडीनार के पूर्व विधायक जेठाभाई सोलंकी ने एक बार फिर कांग्रेस का दामन थाम लिया है. रणदीप सुरजेवाला ने उन्हें पार्टी का पट्टा पहनाकर कांग्रेस में उनका स्वागत किया.

कांग्रेस में वापसी के बाद मीडिया से बात करते हुए जेठाभाई सोलंकी ने बीजेपी पर हमले किए. उन्होंने आरोप लगाया कि कोडीनार में असामाजिक तत्वों का राज चल रहा है और जनता बीजेपी नेताओं दिनू बोघा सोलंकी तथा शिवा सोलंकी के अत्याचारों से जूझ रही है. उन्होंने कहा कि आम जनता के काम नहीं हो रहे हैं और उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है, जिससे जनता में भारी नाराजगी है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: मनरेगा मजदूरों का पैसा रोका क्यों? गुजरात में ₹43.44 करोड़ बकाये पर कांग्रेस का सवाल

जेठा सोलंकी ने बताया कि उन्होंने बिना किसी शर्त या वादे के, सिर्फ क्षेत्र के लोगों और नेताओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए कांग्रेस में वापसी की है. उन्होंने ये भी कहा कि आज कोडीनार में हर चीज की कमी है, किसान भारी मुश्किलों का सामना कर रहे हैं, बीज और खाद के दाम आसमान छू रहे हैं. उनके मुताबिक, क्षेत्र के लोगों से पूछे बिना ही उनके पूर्वजों की खड़ी की गई संस्थाओं को निजी कंपनियों के हवाले कर दिया गया है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement