पश्चिम बंगाल में चुनावी नतीजों के बीच टीएमसी के कई नेताओं के नाम कई घोटालों में सामने आए हैं. हालांकि, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के चुनावी हलफनामे में उनके खिलाफ कोई भी मामला दर्ज नहीं है. लेकिन कई दिग्गज नेताओं का आपराधिक मामलों में नाम शामिल है. अब बंगाल में बीजेपी की जीत के बाद इन टीएमसी नेताओं की मुश्किलें बढ़ सकती हैं.
टीएमसी के कई बड़े चेहरे इस समय गंभीर आरोपों का सामना कर रहे हैं. पार्थ चटर्जी पश्चिम बंगाल स्कूल सेवा आयोग (SSC) शिक्षक भर्ती घोटाले के मुख्य आरोपी हैं. ईडी ने उन्हें करीब 26,000 नियुक्तियों में धांधली के आरोप में घेरा था. 2022 में उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था जिसके बाद वो नवंबर 2025 में जमानत पर रिहा हुए थे.
टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी का नाम भी सीबीआई और ईडी की एसएससी भर्ती घोटाले में सामने आया है. वहीं, संदेशखाली में जमीन कब्जाने, महिलाओं के यौन उत्पीड़न और डराने-धमकाने के गंभीर आरोपों में शेख शाहजहां का नाम जुड़ चुका है.
नुसरत जहां और मदन मित्रा पर भी मामले दर्ज
नुसरत जहां को लेकर ईडी राजरहाट में एक हाउसिंग प्रोजेक्ट से जुड़ी धोखाधड़ी के मामले में जांच कर रही है. उन पर खरीदारों से पैसे लेकर फ्लैट न देने का आरोप है. कई दूसरे उम्मीदवारों और नेताओं पर भी पुलिस और जांच एजेंसियों का शिकंजा कसा है. मदन मित्रा के खिलाफ धोखाधड़ी (IPC 420), सार्वजनिक सेवक के विश्वासघात (IPC 409) और आपराधिक धमकी (IPC 506) जैसे मामले दर्ज हैं.
रासबिहारी निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार देबाशीष कुमार का नाम जमीन खरीद घोटाले और निवेशकों को ठगने के मामले में सामने आया था. ईडी ने इस मामले में उनसे 3 अप्रैल 2026 को पूछताछ भी की थी. वहीं, मालदा में न्यायिक अधिकारियों को बंधक बनाने के मामले में NIA ने सबरीना यासमीन को भी तलब किया है.
यह भी पढ़ें: Mamata Banerjee Election Result 2026 LIVE: भवानीपुर में शुभेंदु अधिकारी आगे, ममता बनर्जी पीछे चल रहीं
सुजॉय हाजरा पर दंगा करने (IPC 147), हथियार के साथ दंगा (IPC 148), चोरी (IPC 379) और लोक सेवक को चोट पहुंचाने (IPC 332) जैसे कई गंभीर आरोप हैं.
टीएमसी शासन के बड़े घोटाले
बता दें कि पश्चिम बंगाल में पिछले कुछ सालों में कई बड़े घोटाले चर्चा में रहे हैं, जिनमें SSC शिक्षक भर्ती घोटाला, शारदा चिटफंड घोटाला, नारद स्टिंग ऑपरेशन, PDS गेहूं वितरण घोटाला और कोयला तस्करी घोटाला शामिल हैं.