scorecardresearch
 

कैंची धाम को जाम से मिलेगी राहत, अमृतपुर बाईपास का CM धामी ने किया निरीक्षण, निर्माण में तेजी लाने के निर्देश

उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र में पर्यटन सीजन और वीकेंड पर बढ़ते ट्रैफिक जाम को कम करने के लिए सरकार ने अमृतपुर बाईपास के निर्माण को प्राथमिकता दी है.

Advertisement
X
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने अमृतपुर बाईपास के निर्माण में तेजी लाने को लेकर निर्देश दिए हैं
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने अमृतपुर बाईपास के निर्माण में तेजी लाने को लेकर निर्देश दिए हैं

उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र में पर्यटन सीजन और वीकेंड पर लगने वाले ट्रैफिक जाम से लोगों को राहत दिलाने के लिए सरकार सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दे रही है. इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को निर्माणाधीन अमृतपुर बाईपास का स्थलीय निरीक्षण किया. उन्होंने अधिकारियों को बाईपास का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए.

दरअसल, 2 से 4 अक्टूबर के लंबे वीकेंड के दौरान नैनीताल जिले में स्थित कैंची धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी थी. एक ही दिन में 45 हजार से अधिक श्रद्धालु कैंची धाम पहुंचे थे, जिसके चलते लोगों को घंटों ट्रैफिक जाम में फंसे रहना पड़ा था. आमतौर पर यहां 20 से 25 हजार लोगों की आवाजाही होती है.

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में बाबा नीम करोली के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में काफी बढ़ोतरी हुई है. इसके साथ ही नैनीताल, रानीखेत, कौसानी, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा और बागेश्वर जैसे पर्यटन स्थलों पर जाने वाले पर्यटकों की संख्या भी तेजी से बढ़ी है. पर्यटकों की बढ़ती संख्या स्वागत योग्य है, लेकिन इससे यातायात प्रबंधन की चुनौतियां भी बढ़ रही हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार सड़क बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने पर काम कर रही है.

Advertisement

अमृतपुर बाईपास के लिए बजट मंजूर

मुख्यमंत्री ने कहा कि अमृतपुर बाईपास के निर्माण में धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी. परियोजना के लिए आवश्यक बजट पहले ही स्वीकृत किया जा चुका है, ताकि निर्माण कार्य में किसी तरह की बाधा न आए और इसे निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जा सके. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने और इससे जुड़े सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए.

धामी ने कहा कि पर्यटन सीजन और वीकेंड के दौरान सड़कों पर वाहनों की संख्या बढ़ने से अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है. इससे पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है. अमृतपुर बाईपास का निर्माण पूरा होने के बाद यातायात व्यवस्था सुचारू बनाने में मदद मिलेगी और लोगों को जाम से राहत मिलेगी.

निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए और सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप हों. उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. परियोजना को तय समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए और इसकी नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए.

Advertisement

धामी ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में पर्यटन सुविधाओं का विस्तार, यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना और स्थानीय लोगों के लिए आवागमन को सुविधाजनक बनाना शामिल है. अमृतपुर बाईपास का निर्माण इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा.

अब तक 15 फीसदी निर्माण कार्य पूरा

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त दीपक रावत ने मुख्यमंत्री को अमृतपुर बाईपास के निर्माण की प्रगति की जानकारी दी. लोक निर्माण विभाग (PWD) के इंजीनियरों ने बताया कि परियोजना के पहले चरण के लिए 1.75 करोड़ रुपये और दूसरे चरण के लिए 4.69 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है. अधिकारियों के मुताबिक, अब तक बाईपास का 15 फीसदी निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जबकि स्वीकृत धनराशि का 14 फीसदी हिस्सा खर्च किया जा चुका है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement