प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ऊपरी असम के चाय बागान वाली सीटों पर सीधा जुड़ाव बीजेपी के लिए बड़ी राजनीतिक ताकत साबित हुआ है. इस बार के चुनाव रुझानों ने साफ कर दिया है कि कांग्रेस के परंपरागत गढ़ माने जाने वाले इलाके अब बीजेपी के अभेद्य किले में तब्दील हो चुके हैं.
डिब्रूगढ़ की चाय पट्टी में पीएम मोदी के किए गए विशेष जनसंपर्क और योजनाओं का असर अब नतीजों में दिख रहा है. यहां की सभी 6 विधानसभा सीटों पर बीजेपी के उम्मीदवार भारी अंतर से आगे चल रहे हैं.
जिन सीटों पर भाजपा ने अपना दबदबा बनाया है, उनमें डिब्रूगढ़, चाबुआ-लाहोवाल, दुलियाजान, टिंगखोंग, नाहरकटिया और खोवांग शामिल हैं. इन सभी सीटों पर बीजेपी की बढ़त इतनी मजबूत है कि विरोधियों के लिए वापसी करना मुश्किल नजर आ रहा है.
पीएम मोदी का 'डायरेक्ट कनेक्शन' और बदलती राजनीति
चाय बागान समुदाय दशकों से असम की राजनीति में एक बड़ा वोट बैंक रहा है. पहले इन इलाकों में कांग्रेस का वर्चस्व हुआ करता था. लेकिन पीएम मोदी ने पिछले कुछ सालों में इस समुदाय से सीधा बातचीत करके समीकरण बदल दिए हैं. उन्होंने चाय बागान के मजदूरों के लिए बेहतर मजदूरी, स्वास्थ्य सुविधाएं और आवास जैसी योजनाओं पर खास ध्यान दिया.
यह भी पढ़ें: असम चुनाव परिणाम 2026: किस सीट पर कौन आगे, कौन पीछे? यहां देखें सभी सीटों का अपडेट
क्या हैं इस बढ़त के मायने?
डिब्रूगढ़ और उसके आसपास की इन 6 सीटों पर बीजेपी का प्रदर्शन ये साबित करता है कि सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे मतदाताओं तक पहुंचा है. चाय बागान के मतदाताओं ने विकास और भरोसे के नाम पर बीजेपी को जमकर वोट दिया है.