उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने यूपी बोर्ड की कक्षा 10वीं और 12वीं की कम्पार्टमेंट और इम्प्रूवमेंट परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया है. बोर्ड की ओर से जारी किए गए नोटिफिकेशन के मुताबिक, ये परीक्षा 28 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी. कक्षा 10 का कम्पार्टमेंट/इम्प्रूवमेंट एग्जाम सुबह की शिफ्ट में होगा. वहीं 12वी का कम्पार्टमेंट/इम्प्रूवमेंट एग्जाम दोपहर की शिफ्ट में लिया जाएगा. इसके लिए जल्द ही यूपी बोर्ड की ऑफिशियल वेबसाइट पर एडमिट कार्ड अपलोड किए जाएंगे.
कितने बजे से शुरू होगी परीक्षा?
हाईस्कूल इम्प्रूवमेन्ट/ कम्पार्टमेन्ट परीक्षाएं 28 जुलाई को सुबह की शिफट में होगी. जो सुबह 08:30 से 11:45 बजे तक चलेगी. वहीं, इण्टरमीडिएट कम्पार्टमेन्ट परीक्षाएं दोपहर 2 बजे से शाम 5.15 तक चलेगी. एग्जाम वाले दिन छात्रों को सलाह दी जाती है कि वह समय से 45 मिनट पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंच जाएं.
करना होगा इन नियमों का पालन
यूपी बोर्ड ने परीक्षा को पूरी तरह से पारदर्शी और नकलमुक्त बनाने के लिए कई दिशा-निर्देश जारी किए हैं. परीक्षा केंद्र में केवल परीक्षार्थी, केंद्र व्यवस्थापक, शिक्षक और अधिकृत कर्मचारी ही प्रवेश कर सकेंगे. किसी बाहरी व्यक्ति को प्रवेश नहीं मिलेगा. इसके साथ ही परीक्षा केंद्र पर भीड़ न लगे, इसकी जिम्मेदारी केंद्र व्यवस्थापक की होगी. पेपर के दौरान मोबाइल, स्मार्टवॉच या किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक उपकरण साथ लेकर जाने की अनुमति नहीं होगी.
सुरक्षा के हैं कड़े इंतजाम
बोर्ड ने सभी परीक्षा केंद्रों पर CCTV कैमरे और वॉयर रिकॉर्डिंग सिस्टम चालू रखने के निर्देश दिए हैं. प्रश्नपत्रों को परीक्षा शुरू होने तक डबल लॉक में रखा जाएगा. इसके साथ ही बोर्ड ने सभी स्कूलों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिया है कि वे 10वीं के इंटरनल असेसमेंट के सब्जेक्ट वाइज मार्क्स और 12वीं की प्रैक्टिकल परीक्षा की OMR शीट 20 जुलाई तक संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय में जमा करें.