महाराष्ट्र के नवी मुंबई में देह व्यापार के एक बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ हुआ है. नवी मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो नाबालिग लड़कियों को इस दलदल से सुरक्षित बाहर निकाल लिया है. इस छापेमारी में पुलिस ने जिस्मफरोशी का धंधा चलाने वाले एक आरोपी को पकड़ लिया है. उसके एक साथी की तलाश की जा रही है.
पुलिस को जानकारी मिली थी कि 'हरीश' नामक एक व्यक्ति नवी मुंबई के इलाकों में नाबालिग लड़कियों के जरिए सेक्स रैकेट चला रहा है. इस इनपुट को पुख्ता करने के लिए क्राइम ब्रांच ने 20 फरवरी को एक विशेष ऑपरेशन की योजना बनाई. इसके तहत आरोपी को रंगे हाथों पकड़ने के लिए एक 'डमी कस्टमर' (नकली ग्राहक) उसके पास भेजा गया था.
योजना के तहत, पुलिस की टीम ने सेक्टर 11 स्थित एक होटल के सामने अपनी पोजीशन ले ली. जैसे ही सौदा पक्का हुआ और आरोपी वहां पहुंचा, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल ने घेराबंदी कर दी. पुलिस ने कोपरखैरने के रहने वाले हरीश विकास छारी को मौके से गिरफ्तार कर लिया. हालांकि, इस रैकेट शामिल उसका साथी राज सिंह फरार हो गया.
पुलिस की इस छापेमारी में दो नाबालिग लड़कियों को रेस्क्यू किया गया है, जिन्हें आरोपियों ने इस गंदे धंधे में धकेल दिया था. पकड़े गए आरोपी हरीश छारी और फरार आरोपी राज सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, इम्मोरल ट्रैफिक (प्रिवेंशन) एक्ट और प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रन फ्रॉम सेक्सुअल ऑफेंस (पॉक्सो) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है.
पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि यह रैकेट कब से चल रहा था और इसमें और कितने लोग शामिल हैं. फरार आरोपी राज सिंह की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें छापेमारी कर रही हैं. पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर दिया जाएगा. नवी मुंबई पुलिस इस तरह के मामलों में लगातार कार्रवाई कर रही है.