दिल्ली के रणहोला इलाके में 11 अक्टूबर को दिनदहाड़े हुई मोनिश खान की हत्या के मामले में स्पेशल सेल ने बड़ा खुलासा किया है. स्पेशल सेल की एसडब्ल्यूआर (जनकपुरी) यूनिट ने इस हत्याकांड के मुख्य शूटर बताए जा रहे रेहान और एक नाबालिग को पकड़ लिया है. पुलिस का कहना है कि दोनों की गिरफ्तारी के बाद इस सनसनीखेज वारदात की साजिश से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं.
पुलिस के मुताबिक, 11 अक्टूबर को विकास नगर के प्रधान चौक पर मोनिश खान की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. व्यस्त इलाके में हुई इस वारदात से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई थी. घटना के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी और स्पेशल सेल को भी जांच में लगाया गया. इसके बाद तकनीकी और खुफिया इनपुट के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई गई.
स्पेशल सेल ने कार्रवाई करते हुए मुख्य शूटर रेहान और उसके साथ एक नाबालिग को दबोच लिया. पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. बरामद हथियारों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा ताकि यह पता लगाया जा सके कि इन्हीं हथियारों का इस्तेमाल हत्या में किया गया था या नहीं.
जांच में अब तक सामने आया है कि इस हत्याकांड की जड़ में पुरानी रंजिश, सोशल मीडिया पर हुए विवाद और पहले हुई मारपीट का बदला लेने की साजिश थी. पुलिस का कहना है कि इन्हीं कारणों ने हत्या की योजना को जन्म दिया. फिलहाल पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़कर यह पता लगाया जा रहा है कि साजिश में और कौन-कौन शामिल था.
दिल्ली पुलिस ने कहा है कि इस मामले में आगे की जांच जारी है और फरार अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है. जांच टीम पूरे षड्यंत्र का खुलासा करने के लिए सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है. पुलिस का कहना है कि मामले में जो भी व्यक्ति शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी.