scorecardresearch
 

घरवालों पर ऑनर किलिंग का शक! कब्र से निकाली गई लाश, पोस्टमार्टम से खुलेगा मौत का राज

अलीगढ़ के शाहजमाल में 16 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध मौत के बाद ऑनर किलिंग की आशंका जताई गई है. एक शिकायत पर सिटी मजिस्ट्रेट और पुलिस की मौजूदगी में लड़की की लाश को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पढ़ें इस डेथ मिस्ट्री की पूरी कहानी.

Advertisement
X
पुलिस ने नए सिरे से मामले की छानबीन शुरू कर दी है (फोटो-ITG)
पुलिस ने नए सिरे से मामले की छानबीन शुरू कर दी है (फोटो-ITG)

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में कथित ऑनर किलिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस प्रशासन ने एक लड़की की लाश को कब्र से निकलवाया और छानबीन नए सिरे शुरू कर दी. दरअसल, कोतवाली नगर क्षेत्र के शाहजमाल इलाके में 16 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध मौत के बाद उसे दफना दिया गया था. 

अब अलीगढ़ के एक स्थानीय समाजसेवी की शिकायत पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए किशोरी के शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी और उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

जानकारी के मुताबिक, शाहजमाल निवासी 16 वर्षीय किशोरी की मौत को लेकर शुरुआत से ही शक जताया जा रहा था. स्थानीय समाजसेवी दुलारे खान ने आरोप लगाया कि किशोरी की मौत सामान्य नहीं थी, बल्कि उसकी हत्या किए जाने की आशंका है. उन्होंने पुलिस और जिला प्रशासन को शिकायत देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की. शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया और शव को कब्र से निकालने की अनुमति दी.

Advertisement

शनिवार को सिटी मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में कब्रिस्तान पहुंचकर किशोरी के शव को बाहर निकाला गया. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. प्रशासन का कहना है कि मेडिकल जांच से यह स्पष्ट हो सकेगा कि किशोरी की मौत प्राकृतिक थी, आत्महत्या थी या फिर उसके साथ किसी तरह की हिंसा हुई थी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट इस पूरे मामले की सबसे अहम कड़ी मानी जा रही है.

समाजसेवी दुलारे खान ने बताया कि 8 जून को जब वह इलाके से गुजर रहे थे, तभी किशोरी के घर से चीख-पुकार की आवाजें सुनाई दी थीं. उनके मुताबिक, कुछ देर बाद उन्होंने देखा कि परिवार के लोग किशोरी को लेकर कब्रिस्तान पहुंचे और जल्दबाजी में उसे दफना दिया. उनका दावा है कि उस समय किशोरी के सिर से खून भी बह रहा था, जिससे उन्हें हत्या की आशंका हुई. इसी आधार पर उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच और शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की.

फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. शुरुआती स्तर पर किशोरी के परिजनों पर भी संदेह जताया जा रहा है, हालांकि अभी तक किसी के खिलाफ आधिकारिक तौर पर हत्या का आरोप साबित नहीं हुआ है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. यदि हत्या की पुष्टि होती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement