महाराष्ट्र के नासिक में खुद को 'गॉडमैन' बताने वाले अशोक खरात के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. उसके ऑफिस से 20 फीट लंबा रिमोट कंट्रोल से चलने वाला सांप बरामद किया गया है, जिसका इस्तेमाल वह लोगों को अपनी कथित अलौकिक शक्तियों का विश्वास दिलाने के लिए करता था. इस खुलासे के बाद मामले ने और गंभीर रूप ले लिया है.
दुष्कर्म के आरोपों में घिरे अशोक खरात को कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. सत्र न्यायाधीश बी. एन. इचपुरानी की अदालत ने उसे 14 अप्रैल तक जेल में रखने का आदेश दिया है. फिलहाल उसे नासिक रोड सेंट्रल जेल में रखा जाएगा.
35 वर्षीय महिला ने तीन साल तक शोषण का लगाया था आरोप
अशोक खरात को 18 मार्च को उस समय गिरफ्तार किया गया था, जब 35 वर्षीय एक महिला ने उस पर तीन साल तक लगातार दुष्कर्म करने का आरोप लगाया. गिरफ्तारी के बाद कई अन्य महिलाओं ने भी उसके खिलाफ यौन शोषण और दुष्कर्म की शिकायतें दर्ज कराईं. पूरे मामले की जांच विशेष जांच दल (एसआईटी) द्वारा की जा रही है.
बुधवार को पुलिस हिरासत समाप्त होने के बाद खरात को अदालत में पेश किया गया, जहां एसआईटी ने उसकी न्यायिक हिरासत की मांग की. कोर्ट ने इस मांग को स्वीकार करते हुए उसे जेल भेज दिया. जानकारी के अनुसार, उसे गुरुवार को एक अन्य मामले में भी अदालत में पेश किया जाएगा.
10 एफआईआर दर्ज
अब तक नासिक के सरकारवाड़ा थाने में उसके खिलाफ कम से कम 10 एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं. इनमें से आठ मामले दुष्कर्म और यौन शोषण से जुड़े हैं, जबकि दो मामले धोखाधड़ी के हैं. इसके अलावा एसआईटी को फोन के माध्यम से 100 से अधिक शिकायतें भी प्राप्त हुई हैं, जिनकी जांच की जा रही है.
जांच के दौरान एसआईटी ने उसके बेटे हर्षवर्धन खरात को कर्मयोगी नगर स्थित आवास से पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था, हालांकि देर रात उसे छोड़ दिया गया. वहीं, उसकी पत्नी कल्पना खरात की तलाश भी जारी है, जिनका नाम एक धोखाधड़ी मामले में सामने आया है.
अशोक खरात नासिक के सिन्नर क्षेत्र में एक मंदिर ट्रस्ट का संचालन करता था और वर्षों से कई राजनीतिक हस्तियां भी उसके संपर्क में रही हैं. पिछले सप्ताह एसआईटी और फॉरेंसिक टीम ने उसके कार्यालय पर छापा मारकर कई दस्तावेज, फाइलें और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए.