scorecardresearch
 

गाजियाबाद से ग्रेटर नोएडा वेस्ट जाना होगा आसान, शाहबेरी में नाले के ऊपर बनेगी 12 मीटर चौड़ी सड़क

शाहबेरी में नाले के ऊपर सड़क बनने से एनएच-9 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ओर जाने वाले लोगों को एक अतिरिक्त मार्ग मिलने की उम्मीद है. हालांकि, जाम से कितनी राहत मिलेगी, यह सड़क बनने और उसके इस्तेमाल शुरू होने के बाद ही पता चलेगा.

Advertisement
X
131 करोड़ रुपये से शाहबेरी में बनेगी नई सड़क (Photo-ITG)
131 करोड़ रुपये से शाहबेरी में बनेगी नई सड़क (Photo-ITG)

गाजियाबाद से शाहबेरी, क्रॉसिंग रिपब्लिक और ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ओर आने-जाने वाले लोगों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है. नगर निगम ने साउथ साइड औद्योगिक क्षेत्र की रेलवे लाइन से एबीईएस कॉलेज होते हुए शाहबेरी तक नाले को कवर कर उसके ऊपर सड़क बनाने की योजना तैयार की है. इस परियोजना के लिए शासन से 131 करोड़ रुपये की मंजूरी मिल गई है. योजना के तहत 1,752 मीटर लंबे नाले को ढककर उसके ऊपर 12 मीटर चौड़ी सड़क बनाई जाएगी.

इस सड़क के बनने से एनएच-9 से शाहबेरी और ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ओर जाने वाले वाहन चालकों को एक अतिरिक्त रास्ता मिलेगा. इससे मौजूदा सड़क पर वाहनों का दबाव कम करने और जाम की समस्या दूर करने में मदद मिल सकती है. इस परियोजना का उद्देश्य केवल यातायात को आसान बनाना ही नहीं, बल्कि क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था को भी बेहतर करना है.

नाले के ऊपर बनेगी सड़क, जाम से मिलेगी राहत

फिलहाल एनएच-9 से शाहबेरी की ओर जाने वाली सड़क पर वाहनों का दबाव काफी अधिक रहता है. इस रास्ते से क्रॉसिंग रिपब्लिक और ग्रेटर नोएडा वेस्ट जाने वाले बड़ी संख्या में लोग गुजरते हैं. सड़क के एक तरफ आवासीय इमारतें हैं, जबकि दूसरी तरफ करीब 12 मीटर चौड़ा नाला है, इस वजह से मौजूदा सड़क को चौड़ा करना आसान नहीं है.

Advertisement

इसी समस्या को देखते हुए नगर निगम ने नाले को ढककर उसके ऊपर नई सड़क बनाने का फैसला किया है, इससे कम जगह में सड़क के लिए अतिरिक्त स्थान उपलब्ध हो सकेगा. सड़क तैयार होने के बाद वाहन चालकों को आने-जाने के लिए एक और रास्ता मिलेगा, जिससे इस इलाके में यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है.

नाले की सफाई के लिए भी होगी व्यवस्था

परियोजना के तहत नाले को पक्का कर पूरी तरह ढका जाएगा, इसके ऊपर 12 मीटर चौड़ी सड़क बनाई जाएगी. हालांकि, नाले को ढकने के बाद उसकी सफाई और रखरखाव में परेशानी न हो, इसके लिए भी व्यवस्था की जाएगी. नाले तक पहुंचने के लिए डक्ट बनाए जाने का प्रस्ताव है. इससे जरूरत पड़ने पर नाले की सफाई और मरम्मत की जा सकेगी. इस तरह नगर निगम सड़क बनाने के साथ जलनिकासी व्यवस्था को भी दुरुस्त रखने की योजना पर काम कर रहा है.

नगर निगम के मुख्य अभियंता एनके चौधरी के मुताबिक, इस परियोजना को शासन से मंजूरी मिल चुकी है. धनराशि जारी होने के बाद निर्माण कार्य आगे बढ़ाया जाएगा.

पेट्रोल पंप के पास संकरी सड़क की समस्या भी होगी दूर

शाहबेरी की ओर जाने वाले इसी मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास सड़क संकरी होने के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है. यहां सड़क की चौड़ाई कम होने से जाम की स्थिति बन जाती है. इस समस्या को दूर करने के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) की ओर से भी प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है.

Advertisement

नाले के ऊपर नई सड़क बनने और संकरे हिस्से की समस्या दूर होने से शाहबेरी, क्रॉसिंग रिपब्लिक और ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ओर जाने वाले लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है.

गाजियाबाद में जल निकासी सुधारने के लिए कई योजनाएं

महापौर सुनीता दयाल ने बताया कि शहर में जल निकासी की समस्या दूर करने के लिए नगर निगम बड़े स्तर पर काम कर रहा है. शहर के कई बड़े नालों का निर्माण और सुधार लंबे समय से नहीं हो पाया था, अब इनकी स्थिति सुधारने के साथ नई जरूरतों के अनुसार निर्माण कार्यों पर भी ध्यान दिया जा रहा है.

उन्होंने कहा कि शाहबेरी में नाले को ढककर उसके ऊपर सड़क बनाने की परियोजना यातायात और जलनिकासी, दोनों के लिहाज से महत्वपूर्ण है, इससे स्थानीय लोगों के साथ गाजियाबाद से नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ओर जाने वाले वाहन चालकों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है.

महापौर के मुताबिक, नगर निगम का उद्देश्य सिर्फ नालों का निर्माण कराना नहीं, बल्कि जल निकासी से जुड़ी समस्याओं का स्थायी समाधान निकालना भी है. इसी दिशा में अधिकारियों के साथ मिलकर अलग-अलग परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है.

आरडीसी से विवेकानंद नगर तक 84 करोड़ रुपये से बनेगा नाला

शाहबेरी परियोजना के अलावा कविनगर आरडीसी फ्लाईओवर से जैन मंदिर होते हुए विवेकानंद नगर तक नाला बनाने की योजना को भी मंजूरी मिल गई है. इस परियोजना पर करीब 84 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. महापौर के अनुसार, इस इलाके में पहले से बना ईंटों का नाला खराब स्थिति में है. नया नाला बनने से क्षेत्र की जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी.

Advertisement

मोरटा गांव के लिए 68 करोड़ रुपये की योजना प्रस्तावित

मोरटा गांव में जल निकासी की समस्या दूर करने के लिए भी नगर निगम ने योजना तैयार की है. इसके तहत बिजली घर के तालाब से मेरठ रोड और भट्टा नंबर-5 रोड होते हुए राजनगर एक्सटेंशन ड्रेन तक नाला बनाया जाना प्रस्तावित है. करीब 68 करोड़ रुपये की इस योजना में 1,080 मीटर नाले को ढकने और 2,220 मीटर नाले को खुला रखने का प्रस्ताव है. फिलहाल इस परियोजना को शासन की मंजूरी मिलना बाकी है.

महापौर ने कहा कि स्थानीय लोगों की परेशानियों को देखते हुए इस योजना को भी मंजूरी दिलाने के प्रयास किए जाएंगे. गाजियाबाद में इन परियोजनाओं के जरिए जल निकासी व्यवस्था सुधारने के साथ यातायात की समस्या दूर करने पर जोर दिया जा रहा है. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement